Bareilly: विद्यार्थी बनाएंगे नाथ कॉरिडोर का लोगो, सभी स्कूलों में कराई जाएगी प्रतियोगिता, मिलेगा पुरस्कार
नाथ कॉरिडोर का लोगो बनाने के लिए 29 जनवरी को जिले के सभी स्कूलों में प्रतियोगिता कराई जाएगी। प्रत्येक स्कूल में विद्यालय स्तर पर दो प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने नाथ कॉरिडोर का लोगो बनाने की जिम्मेदारी स्कूली बच्चों को सौंपी है। सभी स्कूलों में प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को नाथ कॉरिडोर का लोगो तैयार करने का मौका दिया जाएगा। इसमें सात नाथ मंदिरों का समावेश होना चाहिए। डिजाइन में अलग-अलग स्थान पर संकेत चिह्न भी लगाए जाने हैं।
29 जनवरी को जिले के सभी स्कूलों में यह प्रतियोगिता कराई जाएगी। प्रत्येक स्कूल में विद्यालय स्तर पर दो प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। विद्यार्थियों की ओर से तैयार डिजाइन को शिक्षकों को 31 जनवरी तक राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कार्यालय में जमा कराना होगा।
इनमें से सर्वश्रेष्ठ डिजाइन का चयन कर दस हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। दूसरा स्थान पाने वाले विद्यार्थी को आठ हजार, तीसरा स्थान हासिल करने पर पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। सात प्रविष्टियों को दो-दो हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।
ऐसे करें प्रतिभाग
12x12 के आर्ट पेपर पर नाथ कॉरिडोर के लोगो का डिजाइन तैयार कर प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं। दिए गए दिशानिर्देशों के अनुरूप आपके द्वारा तैयार किया गया डिजाइन नाथ कॉरिडोर की पहचान बन सकता है।
तीन सड़कों के लिए बजट मंजूर
नाथ कॉरिडोर की तीन सड़कों के लिए शासन ने 19.07 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। जल्दी ही इनके टेंडर होंगे। आठ सड़कों के लिए पहले ही टेंडर हो चुके हैं। अब सात मंदिरों को आपस में जोड़ने के लिए 11 सड़कें बनेंगी।
लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने शहर के चार नाथ मंदिरों को जोड़ने वाले 4.74 किमी लंबे तीन मार्गों के लिए 19.07 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दी है। अधिशासी अभियंता नारायण सिंह ने बताया कि तीनों सड़कों के लिए टेंडर निकाले जा चुके हैं।
अगर 31 जनवरी तक स्वीकृति का शासनादेश आ जाता है तो टेंडर खुलेंगे वरना अगली तिथि लगेगी। पहले जो आठ सड़कें मंजूर हुई थीं, उनमें पांच के टेंडर मंजूर हो गए हैं। तीन के नए सिरे से टेंडर आठ फरवरी को खुलेंगे।
इन सड़कों को मिली मंजूरी
- बनखंडीनाथ से पशुपतिनाथ मंदिर तक सड़क निर्माण।
- धोपेश्वरनाथ से युगवीणा लाइब्रेरी, बदायूं रोड होते हुए स्टेशन रोड पुलिस चौकी तक सड़क निर्माण।
- सुभाषनगर पुलिया से रेलवे कॉलोनी होते हुए तपेश्वरनाथ मंदिर तक सड़क निर्माण।
लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़कों के चौड़ीकरण व नवीनीकरण को मंजूरी दी गई है। इससे सातों नाथ मंदिरों का आपस में बेहतर जुड़ाव होगा। शहर में कारोबार को भी विस्तार मिलेगा।