उर्स-ए-रजवी: बरेली में तीन दिन बंद रहेंगे नौ विद्यालय, 31 अगस्त को सभी स्कूलों में रहेगी छुट्टी
बरेली में आज से उर्स ए रजवी का आगाज हो रहा है। उर्स के दौरान 29, 30 व 31 अगस्त को नौ विद्यालयों में अवकाश रहेगा। वहीं 31 अगस्त को शहर के सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।
विस्तार
बरेली में उर्स-ए-रजवी के दौरान 29, 30 व 31 अगस्त को नौ विद्यालयों में अवकाश रहेगा। इस संबंध में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बुधवार को पत्र जारी किया है। पत्र के अनुसार उर्स के आयोजन से प्रभावित होने वाले स्कूलों में इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज, कस्तूरबा नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज, खलील उच्च माध्यमिक विद्यालय, एसवी इंटर कॉ़लेज, डीएवी उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामभरोसे गर्ल्स इंटर कॉलेज, जीआईसी व जीजीआईसी शामिल हैं।
ये नौ स्कूल 29, 30 व 31 अगस्त को बंद रहेंगे। उर्स के अंतिम दिन 31 अगस्त को शहर के सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। अगर किसी विश्वविद्यालय, कॉलेज या अन्य में पूर्व नियोजित परीक्षा होनी है तो वह संचालित होगी। 30 व 31 अगस्त को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा कराई जाएगी।
डीएम-एसएसपी ने पुलिस लाइन में फोर्स को दिए निर्देश
उर्स-ए-रजवी में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोन के जिलों से भारी भरकम फोर्स मंगाकर लगाया गया है। पीएसी और अर्धसैनिक बल भी मुस्तैद रहेंगे। बुधवार को पुलिस लाइन में फोर्स की ब्रीफिंग की गई। डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी अनुराग आर्य ने बरेली व अन्य जिलों से आए पुलिस कर्मियों को शहर व जिले की भौगोलिक स्थिति के बारे में बताया।
वरिष्ठ अफसरों ने कहा कि 29 से 31 तक तीन दिन बेहद सजगता से काम करने के हैं। इन दिनों आला हजरत का उर्स, श्री गंगा महारानी शोभायात्रा व पुलिस भर्ती परीक्षा जिले में है। मुख्य रूप से शहर ही तीनों गतिविधियों का केंद्र रहेगा। कर्मियों को ड्यूटी के दौरान अपना आचरण बेहतर रखने, दंगा नियंत्रण उपकरण साथ रखने व सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।