Bareilly: गिरफ्तारी देने पर अड़े मौलाना तौकीर रजा, पुलिस ने सील किया इस्लामिया मैदान, पीएसी-आरएएफ तैनात
आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के एलान के बाद पुलिस एहतियाती कदम उठा रही है। मौलाना ने शुक्रवार को सामूहिक गिरफ्तारी देने का एलान किया है। वहीं, पुलिस-प्रशासन ने प्रस्तावित कार्यक्रम को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं।
विस्तार
देश में मुसलमानों के खिलाफ नफरत का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए आईएमसी (इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल प्रमुख) मौलाना तौकीर रजा शुक्रवार को बरेली के इस्लामिया इंटर कॉलेज के मैदान में पहुंचकर गिरफ्तारी देने पर अड़े हुए हैं। संगठन के मीडिया प्रभारी की ओर से लोगों से यहां पहुंचने का आह्वान किया गया है। दूसरी ओर, पुलिस-प्रशासन ने प्रस्तावित कार्यक्रम को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। इस्लामिया मैदान को सील कर दिया गया है। पीएसी व आरएएफ की भी तैनाती की गई है।
मीडिया प्रभारी मुनीर इदरीसी के माध्यम से बयान जारी कर आईएमसी प्रमुख ने कहा कि मस्जिद, मदारिस और ईमान की हिफाजत के लिए शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद गिरफ्तारी दी जाएगी। वह राजकीय इंटर कॉलेज के सामने स्थित आला हजरत मस्जिद में अपराह्न दो बजे नमाज अदा करेंगे। ढाई से साढ़े तीन बजे तक घोषित कार्यक्रम के अनुसार इस्लामिया ग्राउंड पहुंचकर गिरफ्तारी देंगे।
तौकीर रजा के एलान पर पुलिस अलर्ट: मौलाना समेत 30 लोगों को नोटिस, सुरक्षा वापस ली... गिरफ्तारी की चेतावनी
मौलाना तौकीर रजा ने कहा कि देश में मुसलमानों के खिलाफ नफरत का माहौल पैदा कर दिया गया है। हमारी इबादतगाहों को छीना जा रहा है। मस्जिदों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। हमसे बोलने तक का अधिकार छीना जा रहा है। ऐसे में हम सबकी जिम्मेदारी है कि अपनी इबादतगाहों की हिफाजत के लिए शांतिपूर्वक विरोध दर्ज कराएं।
मौलाना बोले- शांतिपूर्वक देंगे गिरफ्तारी
मौलाना ने अपील की कि कोई भी ऐसा काम नहीं करना है, जिससे गलत संदेश जाए। संवैधानिक दायरे में रहकर ही विरोध-प्रदर्शन करें। विरोध दर्ज कराने के अलग-अलग तरीके हैं। कुछ लोगों ने अपने कारोबार बंद रखकर विरोध-प्रदर्शन करने की बात कही है। हम उनके इस तरीके की भी हिमायत करते हैं। पुलिस-प्रशासन से हमारी कोई लड़ाई नहीं है। उन्हें आश्वस्त करते हैं कि हम शांतिपूर्वक गिरफ्तारी देंगे।