Bareilly News: बहू के लेखपाल से अवैध संबंध, राज खुला तो घर में कर दिया बवाल, ससुर ने कराई रिपोर्ट
बरेली में सेवानिवृत्त सैनिक ने अपनी पुत्रवधू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुत्रवधू व उसके मायके वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
बरेली के बारादरी इलाके में रहने वाले एक सेवानिवृत्त सैनिक ने पुत्रवधू पर लेखपाल से अवैध संबंध रखने और दहेज के फर्जी केस में फंसाने का आरोप लगाया है। सेवानिवृत्त सैनिक की शिकायत पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीलीभीत बाईपास रोड स्थित कॉलोनी में रहने वाले सेवानिवृत्त सैनिक ने बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि उनके बेटे का विवाह पिछले साल पीलीभीत के बिलसंडा निवासी युवती से हुआ था। विवाह के बाद पता चला कि पुत्रवधू के अवैध संबंध पीलीभीत के एक लेखपाल से हैं।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: घर के पीछे तालाब में मिला नवविवाहिता का शव, एक नवंबर को हुई थी शादी; हत्या का आरोप
लेखपाल और पुत्रवधू के बीच सोशल मीडिया पर घंटों चैट होती थी। लेखपाल की पत्नी ने चैट के स्क्रीनशॉट उन्हें भेजे थे। जब पुत्रवधू को इसकी भनक लगी तो वह घर में झगड़ा करने लगी। मौका पाकर दहेज का सारा सामान समेट ले गई। उसने बिलसंडा थाने में एक फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया।
बहू के मायके वालों ने दी धमकी
सेवानिवृत्त सैनिक के मुताबिक जब बेटा पुत्रवधू को लेने गया तो वह जमीन, मकान और लाइसेंस उसके नाम कराने का दबाव बनाने लगी। फर्जी मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी देने लगी। 10 नवंबर को पुत्रवधू घर आई और सामान भरकर घर ले गई। इसके बाद पुत्रवधू के पिता और भाई ने फोन कर गोलियों से भून देने की धमकी दी। एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपों की जांच कर विवेचना में स्थिति स्पष्ट की जाएगी।