भाई दूज: फरीदपुर के पास लखनऊ हाईवे पर लगा भीषण जाम, सात घंटे तक फंसे रहे वाहन
फरीदपुर। भाईदूज पर सोमवार को सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ते ही यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास भयंकर जाम लगा जिसमें करीब सात घंटे तक हजारों वाहन फंसे रहे। बरेली की दिशा में जाने वाले वाहनों ने बुखारा रोड से होकर निकलना चाहा तो उस पर भी रेलवे क्रॉसिंग के पास जाम लग गया। क्रॉसिंग बंद न हो पाने की वजह से एक मालगाड़ी को 25 मिनट तक आउटर पर रोकना पड़ा।
सोमवार को भाईदूज होने के कारण सड़कों पर आम दिनों की अपेक्षा वाहनों और मुसाफिरों की संख्या दोगुना से ज्यादा थी। हालांकि जाम वाले तमाम प्वाइंट पर पुलिस तैनात थी, लेकिन जल्दी निकलने की लोगों में इस कदर आपाधापी थी कि पुलिस बेबस नजर आ रही थी। नेशनल हाईवे पर गांव जेड के पास निर्माणाधीन टोल प्लाजा पर भी जल्दबाजी के चक्कर में सुबह करीब 10 बजे छोटे वाहन एक दूसरे के सामने आ गए। सड़क पर आड़े-तिरछे वाहन लगे तो लंबा जाम लग गया। कुछ ही देर में जाम इस कदर विकराल हो गया कि उसने फरीदपुर से बुखारा जाने वाले रोड को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया।
बुखारा रोड पर रेलवे क्रासिंग के पास वाहनों की लंबी कतार लगने से क्रासिंग का बंद होना भी मुश्किल हो गया। एक मालगाड़ी को गुजारने के लिए गेटमैन ने क्रॉसिंग बंद करने की बहुतेरी कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सका। लिहाजा मालगाड़ी को करीब 25 मिनट तक आउटर पर रोकना पड़ा। गेटमैन की सूचना पर आरपीएफ ने मोर्चा संभाला और सीओ फरीदपुर को सूचना दी। तब कहीं शाम के वक्त फरीदपुर पुलिस की नींद खुली। पुलिस ने जैसे-तैसे जाम खुलवाया। सुबह 10 बजे से लगा जाम शाम करीब पांच बजे पूरी तरह खुल पाया तब लोगों को राहत मिली।