Bareilly News: खाद की दुकान पर बेची जा रही थी शराब... युवक गिरफ्तार, 23 बोतल और 75 क्वार्टर बरामद
बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र में सोमवार रात खाद की दुकान पर शराब की बिक्री करते एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दुकान से भारी मात्रा में शराब भी बरामद हुई है।
विस्तार
बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र में खाद की दुकान पर अंग्रेजी व देसी शराब बेची जा रही थी। यहां से एक युवक को शराब बेचते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। दुकान से 23 बोतल अंग्रेजी शराब व 75 क्वार्टर देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव मसीत की नहर पुलिया स्थित खाद की दुकान पर सोमवार रात शराब बिक रही थी। अवैध रूप से शराब बिक्री की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा प्रवीन सोलंकी, एसआई सुशील कुमार व तन्वेश कुमार ने फोर्स को लेकर दुकान की घेराबंदी कर ली। शराब बेच रहे युवक ने भागने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।
युवक लालता प्रसाद निवासी मेमौंर गौंटिया थाना भोजीपुरा को पकड़ लिया। खाद की दुकान की तलाशी लेने पर पुलिस को 23 बोतल अंग्रेजी शराब और 75 क्वार्टर देसी शराब के बरामद हुए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी लालता प्रसाद को कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।
मीरगंज में स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
मीरगंज में मुखबिर की सूचना पर 24 ग्राम स्मैक के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। सोमवार रात उपनिरीक्षक सूरजपाल सिंह अपने अधीनस्थों के साथ गश्त कर रहे थे, तभी मुखबिर ने सूचना दी कि नल नगरिया तिराहे पर मंदिर के पास एक व्यक्ति स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। वहां से आरोपी को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम अतुल निवासी मोहम्मदगंज मुस्तकिल थाना मीरगंज बताया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से 24 ग्राम स्मैक बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्मैक की कीमत 2.40 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले आई। उसके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।