करवाचौथ 2026: सुहागिनों को पसंद आ रहीं जिमी चू और ब्रैगेंजा साड़ियां, बरेली में बाजार गुलजार
करवाचौथ के लिए बरेली के बाजारों में महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। सुहागिनें बनारसी सिल्क, जिमी चू और ब्रैगेंजा फैब्रिक की साड़ियां पसंद कर रही हैं। करवाचौथ थीम वाले सूटों की भी खूब मांग है।
विस्तार
बरेली में करवाचौथ की खरीदारी के लिए बाजार में महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। सुहागिनों को इस बार बनारसी सिल्क, जिमी चू और ब्रैगेंजा फैब्रिक की साड़ियां भा रही हैं। करवाचौथ की थीम वाले सूटों की भी खूब मांग है। इससे व्यापारियों के चेहरे खिल गए हैं।
29 अक्तूबर को करवाचौथ है। इसके लिए महिलाएं अभी से शहर के कुतुबखाना, बड़ा बाजार, राजेंद्र नगर, डीडीपुरम आदि प्रमुख बाजारों में खरीदारी में जुट गई हैं। सुहागिनों के बीच पारंपरिक थीम की साड़ियों की अधिक मांग है। व्यापारी विकास ने बताया कि इस बार महिलाओं की पहली पसंद में जिमी चू व ब्रैगेंजा फैब्रिक की साड़ियां हैं। चौड़े बॉर्डर वाली, जॉर्जेट और बनारसी सिल्क साड़ी की भी मांग बढ़ी है। खासकर तीन से छह हजार रुपये तक की साड़ियों की मांग अधिक है।
करवाचौथ थीम वाले प्रिंटेड सूट भी महिलाओं को खूब भा रहे हैं। इनमें छलनी से चांद देखते हुए का चित्र ट्रेंड में है। इनकी कीमत 800 से 1,400 रुपये के बीच है। सूरत से मंगवाई गईं करवाचौथ चुनरियों की भी मांग है। इन लाल चुनरियों के चारों ओर लगे वेलवेट बॉर्डर पर सुनहरे रंग से अखंड सौभाग्यवती भवः लिखा हुआ है।
प्रतिस्पर्धा के मद्देनजर तय किए दाम
व्यापारी रामदयाल ने बताया कि वर्तमान में ऑनलाइन से ऑफलाइन व्यवसाय को टक्कर मिल रही है। इस प्रतिस्पर्धा को देखते हुए ही कपड़ों के दाम तय किए गए हैं। सुविधा के अनुसार छूट भी दी जा रही है। दुकानदारों ने हर वर्ग के ग्राहकों के बजट को ध्यान में रखते हुए किफायती दामों पर आधुनिक व पारंपरिक डिजाइनों का संग्रह किया है।