फूल तोड़ने की खौफनाक सजा: बरेली में आठ साल के बच्चे को बांधकर पीटा, आरोपी बोला- इसका कत्ल कर दूंगा; Video
Bareilly News: बरेली में फूल तोड़ने पर आठ साल के बच्चे को नर्सरी मालिक और उसके बेटे ने बांधकर चप्पलों से पीटा। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विस्तार
बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नर्सरी मालिक ने आठ साल के मासूम बच्चे को लकड़ी की बल्ली से बांधकर चप्पलों से पीटा। बच्चे का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने नर्सरी के पौधों से कुछ फूल तोड़ लिए थे। बच्चे की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी नर्सरी मालिक को गिरफ्तार कर लिया। उसका चालान किया गया है।
ये भी पढ़ें- UP: खेलते समय गले में फंसा पांच रुपये का सिक्का, तड़प-तड़पकर बच्ची हुई बेहाल, डॉक्टर ने बचाई जान
नर्सरी मालिक बोला- जान से मार दूंगा इसे
रोहित व उसके बेटे ने बच्चे की चप्पलों से पिटाई की। एक शख्स वीडियो बनाने लगा तो आरोपी उस पर भड़क गया। कहता है कि इसका (बच्चे) कत्ल कर दूंगा। यह उसकी नर्सरी से फूल तोड़ता है। वहीं, रस्सी से बंधे बच्चे ने उक्त शख्स से बचाने की गुहार लगाई। कहा कि अंकल जी, प्लीज बचा लो। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। पीड़ित बच्चे के पिता पिंटू की ओर से नर्सरी मालिक और उसके बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी रोहित का चालान किया गया है।