बरेलीः संक्रमित युवक मिलने के बाद हजियापुर सील, इलाके में सेना की तैनाती
कोरोना मुक्त हुए शहर में फिर मची खलबली, इलाका हॉटस्पॉट घोषित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुभाषनगर के संक्रमित परिवार के स्वस्थ होकर घर लौटने के बाद शहर राहत की उम्मीद कर रहा था लेकिन सोमवार को हजियापुर में नया कोरोना संक्रमित मिलने के बाद सारी उम्मीदें ध्वस्त हो गईं। 35 वर्षीय संक्रमित युवक बगैर डिग्री एक अस्पताल में मेडिकल प्रैक्टिस करने के साथ टीबी डॉट्स सेंटर भी चलाता था।
संक्रमित युवक को निजी मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट किया गया है। उसके परिवार के छह सदस्यों को भी क्वारंटीन कर सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। पूरे इलाके को सील कर पुलिस फोर्स लगाई गई है। संक्रमित युवक के घर के एक किमी के दायरे को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है।
सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ला के मुताबिक हजियापुर में खजूर मस्जिद के पास रहने वाले संक्रमित युवक की तबीयत 25 अप्रैल को बिगड़ी थी। वह मधुमेह का पहले से मरीज था और उसे सांस लेने में काफी तकलीफ हो रही थी।
उसी दिन सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में क्वारंटीन कराकर उसका सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया था। यहां देर रात उसके सीने में दर्द हुआ तो उसे जिला अस्पताल भेजा गया लेकिन वहां कॉर्डियोलॉजिस्ट न होने पर उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। सोमवार को आईवीआरआई से उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सोमवार को युवक की पत्नी, भाई, मां और तीन बच्चों समेत सभी छह लोगों को क्वारंटीन कराकर उनके सैंपल भी जांच के लिए भेज दिए गए।
अब स्वास्थ्य विभाग की टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक को संक्रमण कब और कैसे हुआ। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक संक्रमित युवक मेडिकल डिग्री न होने के बावजूद स्टेडियम रोड पर एक निजी अस्पताल में सेवाएं देता था और हजियापुर में खुद अपना क्लीनिक भी चलाता था। आशंका जताई जा रही है कि वह किसी संक्रमित व्यक्ति की चपेट में आया होगा। टीमें संक्रमित युवक के संपर्क में आने वालों की भी तलाश कर रही हैं। अगर किसी में कोरोना के लक्षण मिले तो उसका भी सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। टीमों को स्क्रीनिंग के दौरान पूरी तरह अलर्ट रहने के साथ सभी जरूरी एहतियात रखने का भी निर्देश दिया गया है।
बेवजह घूमते मिले लोग गिरफ्तार, निषेधाज्ञा तोड़ने की कार्रवाई
कोरोना का नया केस मिलने के बाद शहर में सड़कों पर पुलिस की सख्ती बढ़ गई। कई मुख्य सड़कों को सख्ती से वन वे कर दिया गया। कोहाड़ापीर, शाहबाद, पुराना शहर समेत कई इलाकों में बेवजह घूमते लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
सुभाषनगर के कोरोना संक्रमित परिवार के ठीक होने के बाद पुलिस लॉकडाउन में कुछ ढील देने लगी थी मगर सोमवार को हजियापुर में नया केस मिलने से हड़कंप मच गया। हजियापुर को सील करने के साथ शहर में भी सड़कों पर सख्ती शुरू हो गई। बाजारों और मुख्य चौराहों पर बैरियर लगाकर चेकिंग की गई। अयूब खां चौराहा, श्यामगंज चौराहा, सेटेलाइट चौराह, सलेक्शन प्वाइंट चौराहे समेत मुख्य मार्गों पर वन वे सिस्टम पर कड़ाई बढ़ा दी गई। लॉकडाउन और सामाजिक दूरी के नियम तोड़ने पर पुलिस ने कोहाड़ापीर, शाहबाद, पुराना शहर समेत कई इलाकों में कई लोगों के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई भी की।
आवश्यक
संक्रमित युवक की रिपोर्ट आने में लगे दो दिन, पत्नी की सिर्फ छह घंटे में
हजियापुर के संक्रमित युवक का सैंपल 25 अप्रैल को लिया गया था लेकिन उसकी रिपोर्ट आने में दो दिन का वक्त लग गया, लेकिन जब डीएम के बंगले और सीएमओ ऑफिस में हंगामा मचाने के बाद जब सरकारी स्टाफ पर खतरा मंडराया तो उसकी पत्नी और रिश्तेदार का सैंपल जांच को भिजवाया गया और उनकी रिपोर्ट महज छह घंटों में आ गई। इस पर सवाल उठ रहे हैं।
हजियापुर के युवक को 25 अप्रैल को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल लाया गया था जहां उसका सैंपल लेकर उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया था। सोमवार को उसकी पत्नी यही आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट, डीएम के बंगले और फिर सीएमओ ऑफिस पहुंची थी कि दो दिन बाद भी उसके पति की रिपोर्ट नहीं आई है और मेडिकल कॉलेज का स्टाफ रिपोर्ट आने तक उसका इलाज करने से इनकार कर रहा है। कुछ ही देर बाद जब युवक की रिपोर्ट आई और वह पॉजिटिव निकला तो अफसरों में घबराहट फैल गई। आनन-फानन में युवक की पत्नी और उसके साथ आए रिश्तेदार का सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवाया गया। रिपोर्ट भी शाम को ही आ गई जिसमें दोनों निगेटिव पाए गए। इसके बाद सवाल उठे कि युवक की रिपोर्ट आने में 48 घंटों से ज्यादा वक्त क्यों लग गया। डीएम नितीश कुमार ने इसे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का मामला बताया तो सीएमओ ने इस पर कुछ कहने से इनकार कर दिया।
संक्रमित युवक का सैंपल डिस्ट्रैक्ट
सीएमओ और डीएम कार्यालय में पहुंची संक्रमित युवक की पत्नी ने पति के पॉजिटिव आने के बाद फिर से सैंपल लेकर जांच कराने की मांग की थी। उसकी मांग पर शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमित युवक का दोबारा सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया मगर सैंपल डिस्ट्रैक्ट हो गया। अब मंगलवार को संक्रमित युवक का दोबारा सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जा सकता है।
1683 घरों का सर्वे, 15 और संदिग्ध मिले
कोरोना संक्रमित मिलने के बाद हजियापुर के एक किमी दायरे के इलाके को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। यहां सोमवार दोपहर तीन बजे के बाद एक्टिव सर्विलांस के तहत 16 टीमों ने 1152 घरों का सर्वे कर 15 संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग कराई। मंगलवार को मेडिकल मोबाइल यूनिट यानी एमएमयू की टीमें पूल सैंपलिंग करेंगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक देर शाम तक संक्रमित युवक के परिवार के छह सदस्यों के साथ दूसरे सगे-संबंधियों और घर के सामने रहने वाले छह और लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया है। देर शाम तक 35 लोगों के सैंपल लिए गए जिन्हें जांच के लिए मंगलवार सुबह आईवीआरआई भेजा जाएगा। रविवार को लिए गए सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में चल रही स्क्रीनिंग में 82 संदिग्ध रोगियों की जांच की गई और संदिग्ध मिले लोगों के सैंपल लिए गए। ब्यूरो