Bareilly News: गेस्ट हाउस के कमरे में गैर मजहब के युवक संग थी युवती, एक संगठन के लोगों ने किया हंगामा
बरेली में रविवार रात एक संगठन ने जंक्शन रोड स्थित गेस्ट हाउस के कमरे में युवक और युवती को पकड़ लिया। इसे लेकर हंगामा हुआ। मामले का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस को जानकारी हुई।
विस्तार
बरेली में एक संगठन के लोगों ने गेस्ट हाउस में युवक और युवती को पकड़ लिया। युवक-युवती दोनों अलग-अलग समुदाय से थे। इस पर संगठन के लोगों ने काफी देर तक युवक से पूछताछ की। इसके बाद दोनों को छोड़ दिया गया। सोमवार को इस मामले का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने गेस्ट हाउस पहुंचकर मामले की जानकारी की।
जानकारी के मुताबिक रविवार रात संगठन के लोगों को खबर मिली थी कि युवती गैर मजहब के युवक के साथ जंक्शन रोड स्थित गेस्ट हाउस के कमरे में हैं। इस पर संगठन के लोग गेस्ट हाउस पहुंच गए। उन्होंने कमरे में युवक को पकड़ लिया। उसका आईडी कार्ड चेक किया। युवक रेलवे का कर्मचारी है। उससे काफी देर तक पूछताछ की गई।
युवती को बताया दोस्त
वीडियो में संगठन के लोगों की पूछताछ से युवक डरा सहमा दिखाई दे रहा है। उसने युवती को दोस्त बताया। साथ ही उसे गेस्ट हाउस लाने पर अपनी गलती बताई। बताया जा रहा है कि युवती शाहजहांपुर की रहने वाली है। एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ती है। दोनों के कमरे में पकड़े जाने पर काफी देर हंगामा होता रहा। बाद में युवक और युवती वहां से चले गए।
मंडप से भागा दूल्हा: दुल्हन बनी प्रेमिका ने 20 किमी पीछा कर पकड़ा, बीच सड़क पर हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा
मामले का वीडियो वायरल हुआ तो थाना सुभाषनगर पुलिस ने गेस्ट हाउस पहुंचकर जांच पड़ताल की। इंस्पेक्टर अखिलेश प्रधान ने बताया कि एक वीडियो सामने आया है। इसकी जांच की जा रही है। अगर युवक या युवती तहरीर देते हैं तो कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभी युवक और युवती में से कोई सामने नहीं आया है।