Shahjahanpur News: भाइयों से झगड़े के बाद छात्रा ने नदी में कूदकर दी जान, 15 घंटे बाद मिली लाश
छात्रा का रविवार शाम को अपने भाइयों से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इस पर मां ने उसे ही खरी-खोटी सुना दी। इससे गुस्से में छात्रा घर से चली गई और पुल से गर्रा नदी में कूद गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र में बीए की छात्रा ने गर्रा नदी में कूदकर जान दे दी। आत्महत्या की वजह घरेलू कलह बताई गई है। पुलिस ने सोमवार दोपहर को उसका शव बरामद कर लिया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
सेहरामऊ दक्षिणी के गांव रौरा निवासी रविंद्र सिंह की पुत्री संध्या (17) एसएस महाविद्यालय में स्नातक की छात्रा थी। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम को घर में भाइयों से विवाद हो गया था। बात बढ़ने पर मां के साथ परिजनों ने भी उसे खरी-खोटी सुना डाली। इसके बाद संध्या नाराज होकर घर से चली गई।
पुल से नदी में लगा दी छलांग
गर्रा नदी के पुल की तरफ जाने पर मां, पिता रविंद्र भी उसके पीछे दौड़े। उनके पहुंचने से पहले ही संध्या ने पुल से नदी में छलांग लगा दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। रात करीब 11 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य को शुरू किया। उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
रातभर नदी किनारे बैठे रहे परिजन
परिजन और ग्रामीण रातभर नदी के किनारे बैठे रहे। सुबह पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। नदी में जाल डालने के बाद संध्या का शव दोपहर करीब 12 बजे बरामद कर लिया गया। पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने पर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। संध्या अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी।
सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि किशोरी का परिवार में विवाद हो गया था। इसी के चलते उसने अपनी जान दे दी। परिजनों ने पोस्टमार्ट की कार्रवाई से इनकार कर दिया है।