Bareilly News: बंदरों के हमले से मकान की दूसरी मंजिल से गिरी चार साल की बच्ची, हालत गंभीर
गांव क्यारा में शुक्रवार सुबह चार साल की बच्ची गुनगुन छत पर खेल रही थी। बंदरों ने उस पर हमला कर दिया। इससे बच्ची दो मंजिला छत से नीचे गिर पड़ी, जिससे वह गंभीर घायल हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली जनपद के कई इलाकों में बंदरों के उत्पात से लोग परेशान हैं। आए दिन बंदरों के हमले में किसी न किसी के घायल होने की खबर सामने आती है। कैंट थाना क्षेत्र के गांव क्यारा में शुक्रवार की सुबह उत्पाती बंदरों के हमले से चार साल की बच्ची दो मंजिल से नीचे गिर गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
कैंट थाना क्षेत्र के गांव क्यारा में बंदरों का आतंक है। शुक्रवार सुबह चार साल की बच्ची गुनगुन छत पर खेल रही थी। बंदरों ने हमला किया तो डर से बच्ची दो मंजिल से नीचे गिर पड़ी। गांव क्यारा निवासी अजय ने बताया कि शुक्रवार सुबह उसकी चार साल की बहन गुनगुन समेत दो बच्चे छत पर खेल रही थी। इस दौरान वहां बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। बंदरों से बचने के लिए गुनगुन भागी और छत से नीचे गिर गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रशासन नहीं देता समस्या पर ध्यान
क्यारा गांव के पूर्व प्रधान सर्वेश्वर पाल सिंह ने बताया कि गांव में करीब एक हजार बंदर हैं। इनके झुंड अक्सर छतों व गलियों में घूमते रहते हैं। अब तक कई लोगों को काटकर घायल कर चुके हैं। साथ ही घरों से सामान व कपड़े आदि निकाल ले जाते हैं। बताया कि कई बार प्रशासन व ब्लॉक के अधिकारियों से बंदरों की समस्या से निजात दिलाने की मांग की पर सुनवाई नहीं की जा रही है।
26 जनवरी को मजदूर की हुई थी मौत
नवाबगंज में बंदरों के उत्पात से एक मजदूर की जान चली गई थी। घटना 26 जनवरी की है। थाना बिथरी चैनपुर के गांव बेनीपुर निवासी प्रदीप कुमार राइस मिल में मजदूरी करता था। वह मिल की छत पर उत्पात कर रहे बंदरों को भगाने गया था। बंदरों ने हमला कर दिया। इससे छत से गिरकर उसकी मौत हो गई।
सात जनवरी को संसार एन्कलेव में हुई थी घटना
बारादरी थाना क्षेत्र के संसार एन्कलेव में सात जनवरी को बंदरों के उत्पात से छज्जे की दीवार की कुछ ईंट नीचे आ गिरी थीं। ईंटों की चपेट में आकर शहबाज उर्फ गोल्डी का दो वर्ष का पुत्र अजलान गंभीर घायल हो गया था। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। कई दिनों तक उसका उपचार चला।