Bareilly News: कंफर्म रेल टिकट भूल जाएं... तत्काल में ढीली होती रहेगी जेब; ट्रेनों में 150 तक वेटिंग
मध्य जुलाई तक प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग दिख रही है। सबसे बुरा हाल स्लीपर क्लास का है। ज्यादातर ट्रेनों में वेटिंग 150 तक पहुंच गई है। एसी श्रेणियों में भी वेटिंग लगातार बढ़ रही है।
विस्तार
दरअसल, 27 जून को गर्मी की छुट्टियां खत्म हो रही हैं। बहुत से परिवार छुट्टियां मनाकर लौट रहे हैं। ऐसे भी परिवार हैं जिन्होंने बाहर घूमकर आने की प्लानिंग छुट्टियां खत्म होने के अंतिम दौर में की है। इसका असर ट्रेनों पर पड़ा है। कंफर्म सीट के लिए मारामारी मची है। इसके साथ ही एक जुलाई से अमरनाथ यात्रा शुरू हो रही है। इसके लिए भी टिकटों की धड़ाधड़ बुकिंग शुरू हो गई है।
इन ट्रेनों में टिकट के लिए मारामारी
प्रत्येक बुधवार को बरेली-उज्जैन के बीच चलने वाली महाकाल एक्सप्रेस (14320) में जुलाई मध्य तक वेटिंग है। बरेली होते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून के बीच चलने वाली दून एक्सप्रेस (13009), उपासना एक्सप्रेस (12327), बनारस-देहरादून एक्सप्रेस (15119), कुंभ एक्सप्रेस (12369) में भी कंफर्म टिकट के लिए मारामारी है।अमरनाथ यात्रा की वजह से इन ट्रेनों पर दबाव
एक जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर भी आरक्षित टिकटों की ज्यादा बुकिंग हो रही है। कोलकाता-जम्मूतवी (13151), लोहित एक्सप्रेस (15651), मोरध्वज एक्सप्रेस (12491) के स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 100 के पार है।अमरनाथ यात्रा के लिए लोगों की पहली पसंद में शामिल अमरनाथ एक्सप्रेस (12587), अर्चना एक्सप्रेस (12355), कामाख्या एक्सप्रेस (15655), कानपुर सेंट्रल जम्मूतवी एक्सप्रेस (12469), हिमगिरी एक्सप्रेस (12331) में स्थिति और भी खराब है। ये हालात अप-डाउन दोनों ट्रेनों में हैं।
आठ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगे
रेलवे ने चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। आठ जोड़ी ट्रेनों में अतिरिक्त कोच पहले ही लगाए जा चुके हैं। इसके बाद भी कंफर्म टिकट को लेकर मारामारी की स्थिति है। लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों में भी कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने लखनऊ-दिल्ली सुपरफास्ट (12429/30), अयोध्या कैंट-दिल्ली (14205/06) और दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस (14207/08) में भी अतिरिक्त कोच लगाने का फैसला किया है।
तत्काल टिकट से रेलवे को हो रही कमाई
ट्रेनों में कंफर्म टिकट न मिलने की दशा में इन दिनों बड़ी संख्या में लोग तत्काल टिकट करा रहे हैं। तत्काल टिकट से रेलवे को कमाई भी हो रही है। हालात ये हैं कि तत्काल बुकिंग शुरू होते ही सीटें फुल हो रही हैं। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि इन दिनों बरेली जंक्शन पर रोजाना 35-36 हजार यात्रियों का आना-जाना हो रहा है।