UP News: दीपावली से पहले हवाई किराया हुआ तीन गुना, मुंबई से बरेली का टिकट 16 हजार रुपये में
दिवाली के अवसर पर हवाई यात्रा महंगी हो गई है। दिवाली पर मुंबई व बंगलूरू जैसे महानगरों से फ्लाइट से घर लौटने वालों को सामान्य दिनों के सापेक्ष दो से तीन गुना तक किराया अदा करना पड़ रहा है।
विस्तार
परिवार के साथ दिवाली मनाने मुंबई और बंगलूरू से बरेली आ रहे यात्रियों को जेब ढीली करनी पड़ रही है। दिवाली तक अलग-अलग तिथियों में सामान्य दिनों के सापेक्ष दो से तीन गुना तक किराया अदा करना पड़ रहा है। अभी इसमें और बढ़ोतरी के आसार हैं।
इंडिगो एयरलाइंस के प्रतिनिधि साकेत अग्रवाल के मुताबिक बरेली के काफी लोग मुंबई और बंगलूरू में रह रहे हैं। इसमें विद्यार्थी, कारोबारी, व्यापारी और नौकरी पेशा भी शामिल हैं। दिवाली हर कोई परिवार के साथ मनाना चाहता है।
मुंबई से बरेली के लिए सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को सीधी और शेष दिन कनेक्टिंग फ्लाइट है। बंगलूरू के लिए मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को सीधी और शेष दिन कनेक्टिंग फ्लाइट है। दिवाली पर कनेक्टिंग और सीधी दोनों ही फ्लाइट की बुकिंग करने पर किराये में मामूली अंतर ही है।
एडवांस बुक हो चुकी हैं 90 फीसदी सीटें
प्रतिनिधि के मुताबिक मुंबई और बंगलूरू से आने वाली फ्लाइट में 90 फीसदी सीटें एडवांस बुक हैं। ई-टिकट बुकिंग वेबसाइट पर मुंबई से बरेली का किराया 20 से 23 अक्तूबर तक सामान्य दिनों से दोगुना करीब 11 हजार है। वहीं 24 से 31 अक्तूबर तक किराया करीब तीन गुना 14 से 16 हजार रुपये है। बंगलूरू से बरेली का किराया सामान्य दिनों के मुकाबले 20 से 24 अक्तूबर तक दोगुना करीब 13 हजार और 25 से 31 अक्तूबर तक 13 से 20 हजार रुपये के बीच है।
तिथि बंगलूरू से बरेली मुंबई से बरेली
25 अक्तूबर 20,376 14,739
26 अक्तूबर 16,845 23,683
27 अक्तूबर 19,922 14,739
28 अक्तूबर 19,132 14,739
29 अक्तूबर 13,695 16,336
30 अक्तूबर 19,132 14,739
31 अक्तूबर 12,225 16,000
नोट : 18 अक्तूबर को ई-बुकिंग वेबसाइट के अनुसार किराया रुपये में।