Bareilly News: नहीं थम रहा बुखार का प्रकोप, तीन महिलाओं समेत पांच की मौत, कई लोग बीमार
बदलते मौसम में बुखार का प्रकोप जानलेवा साबित हो रहा है। 24 घंटे में बुखार पीड़ित पांच मरीजों की जान चली गई। इनमें तीन महिलाएं थीं। कई लोग बीमार हैं, जो अलग-अलग जगह अपना उपचार करा रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली जिले में गांव-देहात में बुखार के प्रकोप से लोगों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। भमोरा के गांव सिरसा बिछोरिया में रविवार की रात कमला (42 वर्ष), धानवती (25 वर्ष) व गीता (28 वर्ष) की मौत हो गई। मझगवां ब्लॉक के गांव राजापुर कला में सोनू पोरवाल (42 वर्ष) और बिशारतगंज के वार्ड नंबर पांच निवासी मुफ्ती सोहेल रजा अंसारी (28 वर्ष) की भी जान चली गई। सोनू और मुफ्ती सोहेल का बरेली के अस्पतालों में उपचार चल रहा था। परिजनों के मुताबिक जांच में डेंगू बताया था।
भमोरा के गांव सिरसा बिछोरिया में इससे पहले भी बुखार से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाकर लोगों की जांच की। बाद में विभाग बेफिक्र हो गया। सोमवार को तीन महिलाओं के शवों का अंतिम संस्कार किया गया। ग्राम प्रधान सर्वेंद्र मौर्य ने बताया कि गांव में शिविर लगाने के बाद किसी ने झांक कर नहीं देखा। यहां स्वास्थ्य केंद्र भी है, लेकिन नर्स या डॉक्टर नहीं बैठता है। ऐसे में ग्रामीण झोलाछाप से इलाज करने को मजबूर हैं।
ये भी पढ़ें- UP: वेंटिलेटर पर व्यवस्था... पराली पर मरीज, यहां पेड़ पर ग्लूकोज की बोतलें टांगकर किया जा रहा उपचार
राजपुर कला गांव में ही एक दर्जन से अधिक लोग डेंगू की चपेट में हैं। गांव के मेडिकल संचालक सोनू को छह दिन से बुखार आ रहा था। वह बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती थे। रविवार की रात उन्होंने दम तोड़ दिया। यहां की रेखा श्रीवास्तव भी अपनी जान गंवा चुकी हैं।
गांव के अवनेश यादव ने बताया कि उनके ही घर में चार लोग डेंगू पॉजिटिव हैं। वहीं रविंद्र सिंह, रिंकू, महेंद्र, अर्जुन, वीरपाल की पत्नी देवराज, फिरासत, कदीर, हसरत और सूरज पाल के दो बच्चे भी डेंगू की चपेट में है। गांव में तीन बार स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर लगाया जा चुका है, लेकिन डेंगू पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।
इधर, बिशारतगंज में परिजनों के मुताबिक मुफ्ती सोहेल को दो दिनों से तेज बुखार आ रहा था। गंभीर हालत में उन्हें बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में वह डेंगू पॉजीटिव पाए गए थे। रविवार की रात उनकी मौत हो गई। छह दिन पूर्व इसी वार्ड के जाकिर अंसारी की पत्नी समर जहां की भी डेंगू के कारण मौत हो गई थी।
कस्बे में डेंगू विकराल रूप लेता जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग बुखार की चपेट में हैं। लोगों का आरोप है कि मच्छरों का प्रकोप है। नगर पंचायत की ओर से कराया गया दवा छिड़काव कारगर साबित नहीं हो रहा। सभासद जाविर अंसारी ने सोमवार को अधिशासी अधिकारी को पत्र लिखकर व्यापक स्तर पर कीटनाशक दवा के छिड़काव और फॉगिंग कराने की मांग की है।