Bareilly News: चार साल पहले किया प्रेम विवाह, अब विवाहिता ने पति के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
बरेली में प्रेम विवाह के चार साल बाद विवाहिता ने पति और ससुरालवालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है। विवाहिता का आरोप है कि ससुरालवाले मकान खरीदकर देने की मांग कर रहे हैं। विरोध करने पर उसे पीटकर घर से निकाल दिया।
विस्तार
बरेली के जनकपुरी के रहने वाले युवक-युवती ने चार साल पहले परिवार वालों के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया। अब ससुरालवालों ने विवाहिता से दहेज में मकान खरीदकर देने के लिए कहा है। मांग पूरी न होने पर उसे घर से निकाल दिया। विवाहिता की ओर से चार लोगों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में दहेज व एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया है।
जनकपुरी की आकांक्षा सिंह ने आईजी को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि वह अनुसूचित जाति की है। जनकपुरी के ही सौरभ नागपाल से उसकी मित्रता हो गई। दोनों ने एक दूसरे के परिवार वालों की इजाजत के बिना 26 जून 2020 को होटल में शादी कर ली। इसके बाद वह ससुराल चली गई। विवाहिता का कहना है कि उसने अपनी नौकरी से अपने लिए कंगन, सोने की चेन, झुमकी, अंगूठी व पति के लिए सोने की चेन, अंगूठी, सोने का हाथ का कड़ा आदि बनाकर दिया। जेठ आदि को सोने के आभूषण दिए।
पति ने पेट पर मारी लात
बावजूद इसके ससुराल वाले खुश नहीं थे। कह रहे थे कि अपने पिता से रुपये लेकर मकान खरीदवा कर दो। विवाहिता का कहना था कि उसने अपने मां-बाप की इच्छा के खिलाफ शादी की है ऐसे में वह उनसे मकान के लिए कैसे कह सकती है। आरोप है कि एक फरवरी को सौरभ ने उसके पेट में लात मारी जबकि उसे पता था कि वह गर्भवती है। पति व ससुराल वालों ने उसे पीटकर निकाल दिया। इसके बाद वह एक परिचित के यहां चली गई।
इसके बाद सौरभ ने विवाह निरस्त करने के लिए हिंदू विवाह अधिनियम का मुकदमा दाखिल कर दिया। पारिवारिक न्यायालय में बातचीत हुई लेकिन समझौता नहीं हुआ। 22 अप्रैल को विवाहिता ससुराल गई तो घर वालों ने उसे नहीं घुसने दिया। प्रेमनगर पुलिस ने पति सौरभ नागपाल, ससुर सुशील नागपाल, सास ललिता नागपाल व जेठ गौरव के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व एससीएसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।