बरेली। एक वर्चुअल कार्यक्रम में सोमवार को ऊर्जा मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा ने भाजपा की महानगर इकाई की ओर से किए गए सेवा कार्यों पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया। इस दौरान अगले कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा का ध्येय सेवा करना है, इसे इसी तरह जारी रखना है। मुख्य वक्ता प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर 14 से 20 सितंबर तक सेवा सप्ताह मनाया जाएगा। उन्होंने सेक्टर प्रभारी और सेक्टर संयोजक का प्रशिक्षण 13 सितंबर तक पूरा कर लेने को कहा। बताया कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल जयंती पर सभी बूथों पर कार्यक्रम होंगे। 29 सितंबर से 2 अक्तूबर तक आत्मनिर्भर भारत के पैकेज और विभिन्न योजनाओं पर वेबिनार, दो अक्तूबर को गांधी जयंती पर कार्यक्रम होंगे। आईटी प्रमुख राज अग्रवाल ने वर्चुअल मीटिंग का तकनीकी संचालन किया। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, विधायक डॉ. अरुण, प्रदेश कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल, गुलशन आनंद, हर्षवर्धन आर्य, देवेंद्र जोशी, मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर आदि ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। ब्यूरो