UP News: बरेली के 57 हजार उपभोक्ताओं को बिजली का झटका, फोन पर आया लोड बढ़ने का संदेश
बरेली जिले के 57 हजार उपभोक्ताओं का बिजली लोड बढ़ा दिया गया है। शनिवार को इन उपभोक्ताओं के फोन पर मेसेज आए तो उनके होश उड़ गए। लोड बढ़ने से उनकी परेशानी बढ़ गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रीपेड मीटर की व्यवस्था खत्म होने के बाद विद्युत निगम ने उपभोक्ताओं के लिए नई परेशानी खड़ी कर दी। बरेली जिले के 57 हजार उपभोक्ताओं के फोन पर शनिवार को बिजली का लोड बढ़ने का संदेश मिला है। इसके बाद लोग फिर परेशान हो रहे हैं। जिले में 8.50 लाख उपभोक्ता है। बताया जा रहा है कि जिन उपभोक्ताओं के घर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगे थे, उनका डॉटा ऑनलाइन होने की वजह से उनके फोन पर लोड बढ़ाए जाने का मेसेज आया है।
नियमानुसार तीन माह तक लगातार अधिक खपत होने पर ही लोड बढ़ाया जा सकता है। हरूनगला की सनराइज कॉलोनी निवासी राजीव कुमार का आरोप है कि उनका तीन किलोवाट का कनेक्शन है। उनके यहां ज्यादा भार भी नहीं है। इसके बावजूद विद्युत निगम की तरफ से बगैर सूचना के लोड बढ़ाकर पांच किलोवाट कर दिया गया। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि इस बारे में जानकारी की जाएगी। संभवत: यह मेसेज लखनऊ मुख्यालय से भेजा गया होगा।
कुतुबखाना उपकेंद्र के चार फीडरों में ट्रांसफार्मर का जंफर उड़ने से 25 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे 12 हजार से अधिक उपभोक्ता भीषण गर्मी में पानी के संकट से भी जूझते रहे।
कुतुबखाना में शुक्रवार अपराह्न तीन बजे ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ गया। इससे मोती पार्क, बड़ा बाजार, शास्त्री मार्केट, दर्जी चौक फीडर की बिजली गुल हो गई। विद्युत उपकेंद्र को सूचना देने के बावजूद इस पर ध्यान नहीं दिया गया। शनिवार सुबह लाइनमैन ट्रांसफार्मर की मरम्मत में जुटे तो शाम चार बजे आपूर्ति बहाल की जा सकी। अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद लाइनमैन को भेजकर मरम्मत कराई गई।
आज इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति रहेगी प्रभावित
रविवार को सिविल लाइंस प्रथम और परसाखेड़ा उपकेंद्र पर मरम्मत कार्यों के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। 33 केवी वर्टिकल के अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि सिविल लाइंस क्षेत्र में सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक और परसाखेड़ा क्षेत्र में दोपहर 1:30 से 3:30 बजे तक आंशिक या पूर्ण रूप से बिजली कटौती रहेगी। 33 केवी लाइन पर पेड़ों की शाखाओं की कटाई के लिए रविवार सुबह छह से 11 बजे तक रविद्रनगर उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कुमार ने बताया कि रविंद्रनगर, साखोपार, भटबालिया, जानकीनगर, तहसील फीडर प्रभावित रहेंगे। अस्पताल फीडर और मेडिकल क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारु रहेगी।