Bareilly News: सावन के बाद शहर में प्रतिबंधित क्षेत्रों से हटाए जाएंगे ई-रिक्शे, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
बरेली शहर के प्रतिबंधित क्षेत्रों में ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। सावन के बाद अभियान चलाकर ई-रिक्शों को हटाया जाएगा। व्यापारियों की शिकायत पर डीएम ने यह निर्देश दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में सावन के बाद ई-रिक्शों को शहर के प्रतिबंधित क्षेत्रों से अभियान चलाकर हटवाया जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक में व्यापारियों की शिकायत पर दिए।
जिलाधिकारी से व्यापारियों ने महादेव पुल के नीचे अतिक्रमण हटवाने के लिए कहा। शिवाजी मार्ग आलमगिरी गंज क्षेत्र में जाम की स्थिति में सुधार के लिए चारपहिया वाहनों का आवागमन बंद कराने और ई-रिक्शा के लिए वन-वे व्यवस्था लागू करने का अनुरोध किया। इस पर यातायात पुलिस की ओर से बताया गया कि 130 ई-रिक्शे सीज किए गए हैं।
डीजे की तेज आवाज पर लगे रोक
व्यापारियों ने कहा कि शोभायात्रा के दौरान तेज आवाज में डीजे बजते हैं। इस पर रोक लगाई जाए। व्यापारियों ने बड़े बाजार के पीछे गंदे नाले की सड़क को सही कराने की अपील की। इस पर नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुधार के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। व्यापारियों ने गृह कर के गलत बिल और ब्याज के गलत आकलन की समस्या भी रखी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गृह कर जमा कराने के लिए कैंप लगाए जाएं और उसका प्रचार-प्रसार कराया जाए। व्यापारियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की अधिकता और उनके व्यावसायिक प्रयोग की शिकायत की। ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने का अनुरोध किया।
इस पर जिलाधिकारी ने आरटीओ को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। व्यापारियों ने मंडी समिति में एक फायर स्टेशन बनाने का अनुरोध जिलाधिकारी से किया। बैठक के दौरान सभी अधिकारियों के मौजूद न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। कहा कि जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक में संबंधित अधिकारी जरूर मौजूद रहें।
200 से अधिक आभूषण दुकानें, वाहन स्टैंड पर लगा ताला
व्यापारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि साहूकारा/पुलकाजी में 200 से अधिक आभूषण की दुकानें हैं। पार्किंग स्थल न होने के कारण सड़क के दोनों ओर व्यापारियों और ग्राहकों के वाहन खड़े होने से जाम लगता है। बताया कि वाहन स्टैंड के आसपास अतिक्रमण भी है। इस पर जिलाधिकारी ने अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया।
एक ही शौचालय, इस्तेमाल पर ठेकेदार लेता है पैसा
व्यापारियों ने बताया कि तिलक स्कूल, किला से कुतुबखाना तक मात्र एक शौचालय थाना किला गेट पर है। इस शौचालय को नगर निगम ने अपनी जमीन पर बनवाया है। उसका संचालन एक ठेकेदार कर रहा हैं। वह अपनी सुविधानुसार जब चाहता है इसे खोलता है। व्यापारियों द्वारा मूत्रालय का इस्तेमाल करने पर 2 से 5 रुपये प्रति व्यक्ति लेता है।