डिप्टी सीएम का सपा मुखिया पर तीखा हमला: बोले- अखिलेश यादव अर्थात् गुंडागर्दी, अपराध और माफियागीरी
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव की पीडीए ((पिछड़ा, दलित व अल्पसंख्यकों) पर भाषणबाजी एकदम झूठ है। सपा पीडीए की आड़ में परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी चला रही है।
विस्तार
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की पीडीए ((पिछड़ा, दलित व अल्पसंख्यकों) पर भाषणबाजी एकदम झूठ है। सपा पीडीए की आड़ में परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी चला रही है। जब सत्ता में थे, तब इस पर ध्यान नहीं दिया। डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव अर्थात् गुंडागर्दी, अपराध, माफियागीरी, ध्वस्त कानून व्यवस्था। उन्होंने कहा कि अब सही मायके में विकास का सतयुग आ गया है।
डिप्टी सीएम शनिवार को दो दिन के दौरे पर बरेली पहुंचे थे। पहले दिन उन्होंने उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय सम्मेलन में हिस्सा लिया। रात्रि विश्राम करने के बाद रविवार को वह कैंट विधायक संजीव अग्रवाल के आवास पर पहुंचे। यहां पत्रकारों से बातचीत में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा यूपी की सभी 80 सीटों के साथ देशभर में 400 से अधिक सीटें जीतेगी।
डीएमके सांसद दयानिधि मारन के टिप्पणी पर डिप्टी सीएम ने कहा कि जो लोग इस तरह की भाषा बोलते हैं, मैं उनकी निंदा करता हूं। इसका जवाब राहुल गांधी और अखिलेश यादव को देना चाहिए, जो ऐसी पार्टियों से रिश्ता रखते हैं। विधायक के आवास पर पत्रकार वार्ता के बाद डिप्टी सीएम रिठौरा में प्रधानमंत्री की विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चले गए। वहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। कहा कि परिवारवाद राजनीति करने वालों का जनता सफाया करेगी।
'व्यापारियों के लिए सुरक्षित माहौल'
शनिवार को उप्र उद्योग व्यापार मंडल के सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार में व्यापारियों के लिए सुरक्षित माहौल है। प्रदेश में गुजरात का व्यापार मॉडल लागू किया गया है। उन्होंने साल 2024 में भी व्यापारियों से भाजपा का साथ देने की अपील की। इससे पहले उन्होंने व्यापारी राम अवतार आहूजा, राजेश अग्रवाल जौली, समाज सेविका पुष्पलता गुप्ता, ईएनटी सर्जन डॉ. संदीप कुमार, ऋषभ बंसल, रामकिशन अग्रवाल को सम्मानित किया।