{"_id":"5a8c34b44f1c1b9b248b6201","slug":"stone-pelted-on-delhi-police-to-rescue-smuggler-in-bhamora","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली पुलिस पर पथराव कर स्मैक तस्कर छुड़ाया ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
दिल्ली पुलिस पर पथराव कर स्मैक तस्कर छुड़ाया
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,बरेली
Updated Wed, 21 Feb 2018 12:34 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिरोही गांव से एक स्मैक तस्कर को पकड़ने आई दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम पर गांववालों ने पथराव कर दिया। टीम के सदस्यों से मारपीट की और उनकी जीप भी तोड़ दी। भीड़ ने टीम से तस्कर और उसके बेटेे को भी छुड़ा लिया। दिल्ली पुलिस के दरोगा ने भमोरा थाने में स्मैक तस्कर अनीस अंसारी सहित अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इधर, अनीस की पत्नी फरजाना ने पुलिस पर घर में घुसकर लूटपाट और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस फरजाना के आरोपों की जांच कर रही है।
विज्ञापन
मंगलवार दोपहर 12:30 बजे दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के दरोगा संदीप कुमार, प्रवीन कुमार, हरप्रीत बदायूं क्षेत्र के दो तस्करों को रिमांड पर लेकर आए थे। पूछताछ में उन्होंने सिरोही के अनीस अंसारी का नाम लिया। कहा, उन्हें स्मैक की डिलीवरी सिरोही गांव के अनीस ने की थी। अनीस की घेराबंदी के लिए आई टीम ने बदायूं के बिनावर थाने में आमद दर्ज कराई थी। सभी पुलिसकर्मी सादी कपड़ों में थे। टीम बदायूं के बार्डर से लगे बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के गांव सिरोही पहुंची। टीम को अनीस और उसका बेटा कयूम एक धर्मकांटे पर बैठे मिल गए। पुलिस टीम के साथ चंदौरान गांव का परवेज और दूसरा व्यक्ति बिनावर थाना क्षेत्र के गांव त्रिलोकपुर का था। इन दोनों ने अनीस की शिनाख्त की तो पुलिस ने उसे और उसके बेटे को पकड़कर जीप में बैठा लिया।
विज्ञापन
टीम के दोबारा आने पर भड़के गांव वाले
अनीस को साथ लाने के बाद टीम ने उससे बिनावर थाने में पूछताछ की। इसके बाद टीम अनीस को लेकर उसके घर पहुंची। पुलिस का कहना था कि अनीस ने घर के एक कमरे में स्मैक रखी होने की बात कही थी। पुलिस की टीम अनीस को लेकर घर में घुसी तभी गांव की तमाम महिलाओं और पुरुषों ने उसका घेराव कर लिया और गालीगलौज करते हुए पथराव कर दिया। भीड़ ने पुलिस से हाथापाई करते हुए अनीस और उसके बेटे को छुड़ा लिया। पथराव में पुलिस की जीप भी क्षतिग्रस्त हो गई।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने तैयार किया वीडियो
ऐसा पहली बार देखने में आया कि पुलिस पर हमले का वीडियो ग्रामीणों ने खुद बनाया। अमूमन पुलिस ही ऐसी कोई घटना होने पर साक्ष्य के लिए खुद वीडियो तैयार करती है। ग्रामीणों का आरोप था कि अनीस के खिलाफ पुलिस के पास कोई साक्ष्य नहीं था। वापस लाने पर पुलिस वाले उसे छोड़ने के लिए घरवालों से सेटिंग कर रहे थे। इसे लेकर ही विवाद हुआ।
दिल्ली पुलिस का घेराव करके पथराव किया गया है। कोई चोटिल नहीं हुआ है। जीप में तोड़फोड़ हुई है। ग्रामीणों को चिह्नित किया जा रहा है। - रोहित सिंह सजवाण, प्रभारी एसएसपी
बीवी बोली, स्मैक ढूंढने के बहाने घर में की तोड़फोड़ और लूट
दबिश देने गई पुलिस पर अनीस के परिवार ने घर में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट करने का आरोप लगाया है। तस्करी के आरोपी अनीस अंसारी की पत्नी फरजाना ने थाने में पुलिस कर्मियों के खिलाफ तहरीर सौंपी है। अनीस अंसारी की बीवी फरजाना के मुताबिक, 23 फरवरी उनकी बेटी की शादी है। सीमापुरी दिल्ली की पुलिस सादा कपड़ों में उनके घर में घुस आई। आरोप है कि पुलिस ने स्मैक तलाशने के नाम पर घर में बेटी की शादी के लिए रखा जेवर और एक लाख की नकदी लूट ली। इसके बाद टीम ने धर्मकांटा से अनीस और बेटे कयूम को उठा लिया। फरजाना का आरोप है कि पुलिस ने धर्मकांटा के गल्ले से बीस हजार रुपये निकाल लिए। अनीस से सोने की चेन और अंगूठी भी उतरवा ली। फरजाना का कहना है कि पुलिस ने उनके शौहर को धमकी दी कि दो किलो स्मैक है, लगाकर जेल भेज देंगे। अगर बचना है तो 20 लाख देने होंगे। गांव वालों ने सादा कपड़ों में पुलिस वालों को बदमाश समझकर हाथापाई की और उनके शौहर तथा बेटे को छुड़ाया। एसओ विजय प्रताप सिंह के मुताबिक अनीस अंसारी के खिलाफ अफीम और स्मैक तस्करी के कई मामले भमोरा थाने में भी दर्ज है। जिन लोगों ने पुलिस पर पथराव और मारपीट की है, उन्हेें चिह्नित किया जा रहा है। उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।