लोकसभा चुनाव 2024: बरेली में जातिगत समीकरणों पर नजर, जिताऊ प्रत्याशी पर दांव लगाएगी बसपा
बरेली लोकसभा सीट से पांच आवेदकों के नाम बसपा सुप्रीमो तक पहुंच चुके हैं, लेकिन पार्टी को जिताऊ प्रत्याशी की दरकार है। सूत्रों के मुताबिक बसपा की नजर जातीय समीकरण पर है। इसी आधार पर प्रत्याशी के नाम को लेकर मंथन हो रहा है।
विस्तार
लोकसभा चुनाव में सभी दल जातिगत और धार्मिक समीकरणों को साधकर जीत दर्ज करने की फिराक में हैं। बहुजन समाज पार्टी भी इस पर पूरा फोकस कर रही है। बरेली लोकसभा सीट से पांच आवेदकों के नाम बसपा सुप्रीमो तक पहुंच चुके हैं लेकिन पार्टी को जिताऊ प्रत्याशी की दरकार है। माना जा रहा है कि भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद ही बसपा अपने पत्ते खोलेगी।
बसपा सुप्रीमो को भेजी गई सूची में मुस्लिम और कुर्मी बिरादरी के दो-दो, अनुसूचित जाति के एक आवेदक का नाम शामिल है। इस सीट पर बसपा भले ही कभी जीत दर्ज नहीं कर सकी पर कभी अकेले तो कभी सहयोगियों के साथ चुनाव मैदान में डटी रही। अबकी बार पार्टी ने अकेले ही चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ लेवल पर कैडर वोट बैंक को सहेजने में जुट गए हैं।
इस सीट पर समाजवादी पार्टी ने पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन को मैदान में उतारकर अपने पत्ते खोल दिए हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को लेकर असमंजस की स्थिति है। ऐसे में बहुजन समाज पार्टी के लिए जीत का समीकरण बिठा पाना फिलहाल किसी चुनौती से कम नहीं है।
मुस्लिमों के साथ से बन सकती है बसपा की बात
बरेली लोकसभा क्षेत्र में करीब 23 लाख मतदाता हैं। बताते हैं कि इसमें अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के दो लाख मतदाता हैं। बसपा इनको अपना कोर वोटर मानकर चलती है। मुस्लिम मतदाताओं की संख्या करीब आठ लाख है जो कुल मतों का करीब एक तिहाई है। ऐसे में अगर मुस्लिम मतदाता भी बसपा का साथ दें तो ही वह प्रतिद्वंद्वियों को टक्कर देने की स्थिति में आ सकती है।
आंवला से मुस्लिम, क्षत्रिय व पिछड़ा वर्ग के आवेदक
आंवला लोकसभा सीट पर भाजपा और सपा दोनों ने अपने पत्ते खोल दिए हैं पर बसपा ने अभी तक चुप्पी साध रखी है। बताया जाता है कि यहां अबकी बार पिछड़ा वर्ग, मुस्लिम और क्षत्रिय वर्ग के आवेदकों ने टिकट मांगा है। क्षत्रिय और पिछड़ा वर्ग पर भरोसा कर पूर्व में पार्टी ने टिकट दिया था पर उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहे थे। ऐसे में अबकी बार बसपा का क्या दांव होगा, यह अगले सप्ताह तक साफ होगा।
बसपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आंवला और बरेली शहर से बसपा अपने प्रत्याशी उतारेगी। जो आवेदन प्राप्त हुए थे, उन्हें पार्टी नेतृत्व को भेज दिया गया है। जो भी प्रत्याशी घोषित होगा, उसे मजबूती से चुनाव लड़ाया जाएगा। हमारी तैयारी बूथ स्तर तक है।