Bareilly: पटाखा फैक्टरी विस्फोट में मृतकों की संख्या हुई छह, सितारा ने दम तोड़ा; जानें अब तक का अपडेट
Bareilly News: सिरौली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में अवैध पटाखा फैक्टरी में बुधवार शाम जोरदार धमाका हो गया था। इससे पांच घर जमींदोज हो गए थे। रात में दो बच्चों समेत पांच के शव निकाले गए। एक घायल महिला ने बृहस्पतिवार को दम तोड़ दिया। इससे मरने वालों की संख्या अब छह हो गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट से मरने वालों की संख्या छह हो गई है। घायल सितारा ने बृहस्पतिवार को दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था। इसके अलावा रात में निकहत उर्फ नीना की मौत हुई थी। पांच मृतकों में निकहत भी शामिल थी, लेकिन शव क्षत-विक्षत होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। अब उसकी भी शिनाख्त करा ली गई है।
सिरौली कस्बा के मोहल्ला कौवा टोला निवासी नासिर शाह गांव कल्याणपुर में अपने ससुर रहमान शाह के घर में अवैध रूप से पटाखा फैक्टरी चलवा रहा था, जबकि उसके नाम लाइसेंस सिरौली कस्बे का था। वहां 10 दिन पहले धमाका हुआ था। इस मामले में रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर वह अपने भाई नाजिम साह के साथ कल्याणपुर में अवैध रूप से पटाखा बनाने और भंडारण करने लगा था।
विस्फोट से पांच घर हो गए थे जमींदोज
बुधवार शाम को अवैध पटाखा फैक्टरी में जोरदार धमाका हो गया था। इससे पांच घर जमींदोज हो गए थे। मलबे में दबने से रहमान के बेटे वाहिद की पत्नी तबस्सुम (44) व पड़ोसी रुखसार की पत्नी रुखसाना (28) की मौत हो गई। मलबे से एक अन्य अज्ञात महिला का शव मिला था। इसकी शिनाख्त निकहत उर्फ नीना के तौर पर हुई।
तबस्सुम के दो बेटे हसन (4) व शहजान (5) के शव देर रात मलबा हटाने के बाद निकाले गए। गंभीर घायल सितारा समेत चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार को सितारा ने भी दम तोड़ दिया। इससे मरने वालों की संख्या छह हो गई है। घायल रहमान, छोटी और फातिमा का उपचार चल रहा है।
नासिर समेत सात लोगों पर रिपोर्ट
विस्फोट मामले में नासिर समेत सात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी नासिर के नाम आतिशबाजी का लाइसेंस था। 10 दिन पहले नासिर के सिरौली कस्बा स्थित घर की तीसरी मंजिल पर धमाके हुए थे। तब पुलिस ने मामूली रिपोर्ट लिखकर खानापूरी की और अग्निशमन विभाग ने भी कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की थी।
पुलिस की लापरवाही सामने आने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने सिरौली थाना प्रभारी को लाइनहाजिर करने के साथ ही चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इनके खिलाफ प्रारंभिक जांच के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने कहा कि सीएफओ और सीओ (क्षेत्राधिकारी) की भूमिका की भी जांच कराई जाएगी।