Bareilly: जीएम दफ्तर फूंकने का आरोपी बैंक मैनेजर अंकित गोयल गिरफ्तार, कारनामे जानकर रह जाएंगे हैरान
बरेली में बैंक ऑफ बड़ौदा के जीएम का दफ्तर फूंकने का आरोपी बैंक प्रबंधक अंकित गोयल को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। बरेली पुलिस सोमवार को उसे लेकर यहां लेकर आई। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
विस्तार
बरेली में बैंक ऑफ बड़ौदा के जीएम दफ्तर में आगजनी करने के आरोपी बैंक प्रबंधक अंकित गोयल को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे बैंक के दिल्ली मुख्यालय के कर्मचारियों ने ज्वलनशील पदार्थ लेकर घूमते हुए कनाट प्लेस पुलिस से पकड़वा दिया। बरेली पुलिस ने उसे लाकर यहां कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया है। इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मेट्रो स्टेशन पर अभद्र टिप्पणी लिखकर वह सुर्खियों में आया था।
बुलंदशहर निवासी अंकित गोयल बैंक ऑफ बड़ौदा की स्टेशन रोड, बरेली शाखा का प्रबंधक (द्वितीय) है। केजरीवाल मामले में गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर स्थानीय अधिकारियों ने उसको निलंबित कर दिया था। इससे वह नाराज था।
कुछ दिन पहले उसने बैंक ऑफ बड़ौदा के अंचल कार्यालय में घुसकर जीएम के केबिन में आग लगा दी थी। वह सीडीओ दफ्तर में भी आगजनी करने पहुंचा था पर कर्मचारियों के जुटने पर फरार हो गया था। इसी दिन सुबह उसने ट्यूलिप ग्रेस टावर के बेसमेंट में खड़ी अपनी बैंक प्रबंधक पत्नी मेघा दुबे की कार में आग लगा दी थी। कोतवाली, बारादरी और प्रेमनगर थाने की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
बरेली कोतवाल डीके शर्मा को सूचना मिली कि रविवार को अंकित बैंक ऑफ बड़ौदा के दिल्ली मुख्यालय में ज्वलनशील पदार्थ लेकर घूम रहा था। वहां सीसीटीवी में उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर कर्मचारियों ने उसे पकड़ा तो वह हंगामा करने लगा। तब उसे कनाट प्लेस पुलिस के हवाले कर दिया गया था। वहां पूछताछ में पुष्टि हुई कि वह अंकित गोयल ही है, जिसकी बरेली पुलिस को तलाश है। कोतवाली के दरोगा दुलीचंद दिल्ली पहुंचे और कनाट प्लेस पुलिस से अंकित को अपनी अभिरक्षा में ले लिया।
मजिस्ट्रेट के सामने भी किया ड्रामा
सोमवार दोपहर बाद कोतवाली पुलिस अंकित को लेकर रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने पहुंची। वहां अंकित ने मजिस्ट्रेट के सामने अंग्रेजी में लंबी बहस की। उसने अपने बैंक अफसरों के साथ ही नोएडा व दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि पुलिस उसे लूट और पीट रही है। अपनी फटी हुई टी-शर्ट दिखाकर दावा किया कि उसे पीटकर कपड़े फाड़े गए हैं। कोर्ट ने उसे जिला जेल भेज दिया गया। उसका मानसिक परीक्षण कराने का भी निर्देश दिया गया है।
सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि अंकित गोयल के खिलाफ कोतवाली में उसी के बैंक के वरिष्ठ अधिकारी ने रिपोर्ट दर्ज करा रखी है। इसी मामले में उसकी गिरफ्तारी की गई है। फिलहाल, उसे जेल भेजा गया है।