Bareilly: 'तुम्हारी वैन का एक्सीडेंट हो गया, हमारे साथ चलो...' कैंट में कक्षा तीन की छात्रा के अपहरण की कोशिश
बरेली के कैंट क्षेत्र में कक्षा तीन की छात्रा को अगवा करने की कोशिश की गई। एक अंजान व्यक्ति ने उसका हाथ पकड़ लिया। बच्ची किसी तरह उससे हाथ छुड़ाकर भागी और कुछ दूरी पर खड़ी अपनी वैन में जाकर बैठ गई।
विस्तार
बरेली के कैंट इलाके में एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा तीन की छात्रा का शुक्रवार दोपहर को छुट्टी के समय अपहरण करने की कोशिश की गई। छात्रा के अनुसार जब वह स्कूल से बाहर निकली तो एक अंजान व्यक्ति ने यह कहते हुए उसका हाथ पकड़ लिया कि तुम्हारी वैन का एक्सीडेंट हो गया है। इसलिए हमारे साथ चलो। अंजान व्यक्ति को देखकर छात्रा हाथ छुड़ाकर पास में खड़ी वैन में बैठ गई। जानकारी पर परिजनों ने कैंट थाने में तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।
बदायूं रोड के पास गंगानगर में रहने वाले अश्वनी कुमार ने बताया कि उनकी साढ़े आठ साल की बेटी कैंट में एक स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा है। शुक्रवार को स्कूल की तरफ से दोपहर 12 बजे एकाएक छुट्टी कर दी गई। छात्रा रोजाना वैन से आती जाती है। स्कूल से निकलकर वह वैन की तरफ जा रही थी।
घर पहुंचकर मम्मी-पापा को बताया
इसी दौरान एक अंजान व्यक्ति उसके पास आया और छात्रा का हाथ पकड़कर कहने लगा कि उसकी वैन का एक्सीडेंट हो गया है, वह उसके साथ चले। अंजान व्यक्ति को देख छात्रा हाथ छुड़ाकर भागकर अपनी वैन में जाकर बैठ गई। घर आकर उसने अपने मम्मी-पापा को घटना के बारे में बताया।
छात्रा ने यह भी बताया कि उसके हाथ छुड़ाने के बाद वह व्यक्ति अपने साथी से कह रहा था कि इसे छोड़ों दूसरे बच्चे को पकड़ लेते हैं। घटना का पता चलते ही परिजन कैंट थाने पहुंचे और तहरीर दी। छात्रा ने बताया कि अंजान व्यक्ति गोल टोपी पहने था व उसकी लंबी दाढ़ी थी। पुलिस इस मामले में जांच पड़ताल में जुटी है।