Atiq Ashraf Murder: मौलाना शहाबुद्दीन ने की CBI जांच की मांग, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
मौलाना ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि इस हत्याकांड की सीबीआई जांच कराई जाए ताकि इसको अंजाम देने वालों के पीछे कौन सी ताकतें हैं, उनके चेहरे बेनकाब हो।
विस्तार
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने अतीक अशरफ हत्याकांड पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संविधान के निर्माताओं ने नियम कानून बनाए हैं। इसके तहत सरकारों को चलाने की जिम्मेदारियां दी गई हैं। अगर कोई सरकार इसके विपरीत काम करती है तो जनता का भरोसा टूटने लगता है। इसलिए कोई भी ऐसा कार्य नहीं होना चाहिए, जो संविधान के निर्माताओं की मंशा के खिलाफ हो और देश को कमजोर करने वाला हो।
मौलाना ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि इस हत्याकांड की सीबीआई जांच कराई जाए ताकि इसको अंजाम देने वालों के पीछे कौन सी ताकतें हैं, उनके चेहरे बेनकाब हो और दूध का दूध पानी का पानी हो जाए चूंकि पुलिस कस्टडी में इस तरह हमला होना एक अचंभित करता है।
'दो सप्ताह में निपटा दिया जाऊंगा', अशरफ ने पहले ही जता दी थी हत्या की आशंका
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने मुसलमानों से अपील करते हुए कहा कि सब्र से काम लें, खुदा सब्र करने वालों के साथ है। ना उम्मीद होने की और भरोसा तोड़ने की जरूरत नहीं है, खुदा पर भरोसा कायम रखें। प्रदेश में अमन और शांति को बनाए रखें।
प्रयागराज में हुई थी अतीक और अशरफ की हत्या
प्रयागराज में शनिवार रात माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या कर दी गई थी। मीडियाकर्मी बनकर आए तीन हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद हाथ खड़े कर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। हमलावरों की पहचान लवलेश तिवारी, अरुण मौर्य और सनी के तौर पर हुई। इस हत्याकांड के बाद विपक्षी दलों ने यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।