Bareilly News: बरेली में एयरपोर्ट विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू, मांगी गई आपत्ति
बरेली एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए गांव मुड़िया अहमदनगर और चावर के किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया जाना प्रस्तावित है। इस पर आपत्ति मांगी गई है।
विस्तार
बरेली एयरपोर्ट के विस्तार की चल रही प्रक्रिया में जल्द ही चिन्हित किसानों से भूमि अधिग्रहण की कवायद शुरू होगी। एसडीएम सदर ने मुड़िया अहमदनगर और चावर गांवों के किसानों से नोटिफिकेशन जारी कर आपत्ति मांगी है। करीब 53 करोड़ रुपये से भूमि क्रय होगी।
जारी पत्र के अनुसार सिविल एन्क्लेव बरेली (एयरपोर्ट) के विस्तारीकरण के लिए गांव मुड़िया अहमदनगर और चावर के किसानों की भूमि का आपसी सहमति के आधार पर क्रय, अधिग्रहण किया जाना प्रस्तावित है। अगर किसी को आपत्ति है तो वे कलेक्ट्रेट या तहसील सदर में तत्काल अपनी प्रतिक्रिया दर्ज करा सकते हैं। परियोजना प्रशासक एसडीएम सदर के मुताबिक उत्तर प्रदेश शासन नागरिक उड्डयन अनुभाग के आदेशों के तहत सिविल एयरपोर्ट के विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में प्रशासकीय, वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है।
इसके क्रम में संबंधित गांवों के गाटों के भू-स्वामियों से बैनामे की कार्रवाई की जानी है। संबंधित गाटा के किसी भू-स्वामी या किसान को कोई आपत्ति हो तो वे संपर्क कर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। ताकि बाद में किसी तरह के भू-संबंधी विवाद की कोई आशंका न रहे।
23.66 एकड़ भूमि किसानों से क्रय की जाएगी
आपसी सहमति के तहत मुड़िया अहमदनगर के गाटा संख्या क्रमशः 468, 466, 465, 456, 451, 452, 453, 450, 449, 448, 446, 426, 467, 427, 425, 492, 496, 513, 514, 515, 516, 517, 1096, 1099, 1097, 1094, 1098 और ग्राम चावर के गाटा संख्या क्रमशः 249, 250, 251, 252, 253, 254, 255, 256, 257, 258, 267, 243, 269 की कुल 23.66 एकड़ भूमि किसानों से क्रय होगी।
30 हजार वर्गमीटर में होगा एयरपोर्ट का विस्तार
बरेली एयरपोर्ट के विस्तार के साथ हवाई सेवा भी बढ़ने की उम्मीद अधिकारी जता रहे हैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर अवधेश अग्रवाल के मुताबिक इसी वर्ष कुशीनगर और दिल्ली तक हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद है। आगामी वर्षो में हैदराबाद, अहमदाबाद, कोलकाता समेत अन्य शहरों को भी जोड़ा जाएगा। जिसके लिए एयरपोर्ट पर विमान के ठहराव समेत मुख्य भवन का विस्तार करीब 30 हजार वर्गमीटर तक होगा।