UP: पिता से Video कॉल पर बात करते-करते फंदे पर लटका शिक्षक, पुलिस ने लोहे का जाल तोड़ा; मिली लाश
बाराबंकी जिले के रामनगर कस्बे में सोमवार सुबह एक सरकारी शिक्षक का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नगर पंचायत रामनगर के मोहल्ला धमेड़ी द्वितीय में गृह प्रवेश की तैयारियों के बीच शिक्षक सुभाषकर तिवारी (32) ने सोमवार सुबह पिता से वीडियो कॉल पर बात करते हुए रस्सी के फंदे से लटक कर जान दे दी। पुलिस ने अंदर से बंद मकान का जाल तोड़कर शव बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह की बात सामने आ रही है।
पुलिस के अनुसार, सुभाषकर तिवारी (32) बहराइच जिले के एक परिषदीय विद्यालय में सहायक अध्यापक थे। उनकी पत्नी छाया तिवारी भी बहराइच में ही शिक्षिका हैं। पिता बृजकिशोर तिवारी जिला संख्यायिकी अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। पूरा परिवार लखनऊ में चिनहट में रहता है। सुभाषकर ने हाल ही में रामनगर में नया मकान बनवाया था।
कमरे में लटका मिला
कुछ दिनों में गृह प्रवेश होना था। इसके लिए खरीदारी भी पूरी हो चुकी थी और अधिकांश सामान लखनऊ स्थित आवास पर रखा था। पिछले दो दिनों से सुभाषकर नए मकान में अकेले रह रहे थे। सोमवार सुबह करीब 8:50 बजे सुभाषकर ने अपने पिता को वीडियो कॉल किया। बातचीत के दौरान उन्होंने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
वीडियो कॉल के दौरान कुछ अनहोनी का अंदेशा होने पर पिता ने तत्काल मोहल्ले के लोगों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन मकान अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिसकर्मी छत पर चढ़े। जाल तोड़कर रस्सी के सहारे भीतर उतरे और शव को फंदे से नीचे उतारा। सीएचसी में मौत की पुष्टि कर दी गई।
पुलिस ने कही ये बात
रामनगर के एसएचओ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि सिद्धार्थनगर में तैनाती के दौरान और बाद में लखनऊ में भी सुभाषकर आत्महत्या का प्रयास कर चुके थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सुभाषकर अपने पीछे पत्नी, चार वर्षीय पुत्र विभव और नौ वर्षीय पुत्री भाग्या को छोड़ गए हैं।