कर्ज के सदमे में किसान ने दम तोड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। फसल तबाही और कर्ज के सदमे में किसान की मौत हो गई। तहसीलदार ने गांव पहुंचकर जानकारी ली और आर्थिक मदद का भरोसा दिया। उस पर दो लाख रुपये बैंक व सोसाइटी का कर्ज था। सदर तहसील के सैमरी (तिंदवारी) गांव निवासी किसान जिलेदार सिंह (55) पुत्र सुखदेव सिंह गौतम को रविवार को सुबह दिल का दौरा पड़ा। परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। यहां कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। ग्राम प्रधान कमलेश वाजपेयी ने बताया कि डाक्टर ने हार्ट अटैक से मौत होने का प्रमाणपत्र दिया है। मृतक के नाम 22 बीघा जमीन है। इसमें मटर, मसूर, चना और गेहूं बोया था। मटर, मसूर व चना की फसल पूरी तरह चौपट हो गई थी।
गेहूं की थ्रेसिंग कराई तो एक कुंतल प्रति बीघा के हिसाब से पैदावार हुई। बड़े पुत्र विजय सिंह ने बताया कि पिता के नाम इलाहाबाद यूपी ग्रामीण तिंदवारी से लगभग डेढ़ लाख रुपये किसान क्रेडिट कार्ड का कर्ज है। खरीफ व रबी की बुआई में खाद-बीज के लिए तिंदवारी सोसाइटी से भी 50 हजार रुपये कर्ज ले रखा था। घर में खेती-किसानी के सिवा आमदनी का कोई दूसरा जरिया नहीं है। पुत्र विजय सिंह व धीरू सिंह भी पिता के साथ खेती किसानी देखते हैं। उधर एसडीएम अनुज सिंह के आदेश पर तहसीलदार सुनील कुमार ने भी गांव पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मृतक पहले से दिल का मरीज था। फिर भी नियम के मुताबिक हर संभव मदद दिलाने की कोशिश की जाएगी।