{"_id":"f8d09d6c24310d5b6fe7af420d2e0c96","slug":"students-returned-by-test-truck-collision-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"परीक्षा देकर लौट रहे छात्र को ट्रक ने रौंदा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
परीक्षा देकर लौट रहे छात्र को ट्रक ने रौंदा
ब्यूरो/अमर उजाला, बांदा
Updated Sat, 03 Jan 2015 11:45 PM IST
विज्ञापन
प्रैक्टिकल देकर बाइक से घर लौट रहे छात्र को ट्रक ने कुचल दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई। पीछे बैठा साथी छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सांसद ने घायल को अपनी कार से सीएचसी पहुंचाया। पुलिस की लापरवाही पर सांसद घटना स्थल पर धरने पर बैठ गए। देर रात डीआईजी के आश्वासन पर धरना खत्म हुआ।
विज्ञापन
अतर्रा थाना क्षेत्र के पिंडखर गांव निवासी जितेंद्र (20) पुत्र महेश और उसका पड़ोसी पिंटू (22) शनिवार को बाइक से यहां एक इंटर कॉलेज में प्रैक्टिकल देने आए थे। शाम करीब साढे़ छह बजे घर लौटते समय सेमरिया मिर्दहा के पास सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। पिंटू बुरी तरह घायल हो गया।
विज्ञापन
वहां से गुजर रहे सांसद भैंरो प्रसाद मिश्र ने अतर्रा थानाध्यक्ष को फोन पर सूचना देनी चाही पर थानाध्यक्ष ने उनकी काल रिसीव नहीं की। सांसद ने तत्काल अपनी कार से घायल पिंटू को अतर्रा सीएचसी पहुंचाया। साथ ही घटना की सूचना एसपी तथा डीआईजी को दी। थाने से 6 किलोमीटर दूर घटना स्थल पर पुलिस करीब एक घंटे बाद पहुंची।
विज्ञापन
इससे नाराज सांसद अपने साथियों के साथ घटना स्थल पर ही धरने पर बैठ गए। देर रात डीआईजी बीआर मीणा ने फोन पर भरोसा दिलाया कि वह दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करेंगे। इस पर सांसद मान गए और धरना खत्म कर दिया। लगभग एक घंटा हाइवे जाम रहा।