बारिश ने बहा दिया रपटा, हाईवे बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। शनिवार की रात हुई मूसलाधार बारिश ने जमकर कहर ढाया। झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे में निर्माणाधीन पुलिया का रपटा बह गया। बांदा-इलाहाबाद का सड़क संपर्क ठप हो गया। उधर, नहर टूटने से भारी संख्या में मकान और खेत जलमग्न हो गए। किसानों ने रातभर मशक्कत करके टूटी नहर की मरम्मत की। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के फोन स्विच ऑफ रहे। शनिवार को शाम से शुरू हुई बारिश देर रात तक चलती रही। बांदा-इलाहाबाद के बीच नेशनल हाईवे में खुरहंड व महुआ के मध्य पुलिया का निर्माण चल रहा है। पीडब्ल्यूडी ने वाहनों के लिए अलग रपटा बना दिया था। बारिश का दूर-दूर से इकट्ठा होकर आए पानी के रेले ने रपटे को एक झटके में धराशायी कर दिया। पुलिया का कुछ हिस्सा भी बह गया। रात लगभग 11 बजे से हाईवे बंद हो गया। दोनों ओर बड़े वाहनों की कतार लग गई। इसमें यात्री बसें भी शामिल थीं।
बाद में कुछ वाहन वापस नरैनी होकर बांदा आए। भारी और ओवरलोड ट्रक इत्यादि मुड़ न पाने से अभी भी वहीं फंसे हैं। अन्य वाहन बांदा से नरैनी होकर अतर्रा के रास्ते इलाहाबाद की तरफ रवाना हो रहे हैं। ध्वस्त रपटे की मरम्मत का काम चालू है। बारिश ने किसानों के खेतों और मकानों को भी नुकसान पहुंचाया। बदौसा क्षेत्र के कुल्लू खेड़ा में पतरहा पुरवा के पास पानी से नहर उफना गई। नहर की पटरी टूट गई। दर्जनों खेत जलमग्न हो गए। पतरहा पुरवा और कुल्लू खेड़ा आदि गांवों में घरों में पानी भर गया। ग्रामीणों में हाहाकार मचा रहा। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को खबर देने के लिए फोन भी किया गया लेकिन उनके मोबाइल स्विच आफ रहे। ग्रामीणों ने रातभर खुद मशक्कत करके टूटी पटरी की मरम्मत कर पानी रोका।