बारिश में गिरी दीवार से महिला जिंदा दफन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। लगातार हो रही बारिश से गांवों में गरीबों के कच्चे घरौंदे गिरने और उनमें रहने वालों की दबकर मौत का सिलसिला थम नहीं रहा। दो दिन पूर्व अतर्रा के दन्ना पाठक पुरवा में दीवार गिरने से दो सगे भाइयों की दबकर मौत की घटना अभी ताजी ही थी कि सोमवार की रात शहर की सीमा से जुड़े भुरेड़ी गांव के छोटा पुरवा में बारिश से गिरी दीवार में वृद्ध महिला जिंदा दफन हो गई। कई दिनों से रुक-रुक कर धीमी और तेज हो रही बारिश कच्चे मकानों की दुश्मन साबित हो रही है। जर्जर मकान धराशाई हो रहे हैं। ऐसे में इन मकानों में रहने वाले जिंदा दफन हो रहे हैं।
ताजी घटना में मटौंध थाना क्षेत्र के भुरेड़ी गांव अंतर्गत छोटा पुरवा में सोमवार की रात घर के कमरे में सो रही केसरिया (50) पत्नी गुरवा अचानक दीवार ढहने से दब गई। पड़ोसियों ने मलबा से उसे बाहर निकाला। उसकी मौत हो चुकी थी। मकान में ही सो रही बहू रानी (25) पत्नी राम प्रकाश और नाती कृष्णा (8) व सोनू (3) भी दबकर घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण क्षेत्र में कहर ढा रखा है। जगह-जगह जल भराव से ग्रामीण जनजीवन प्रभावित है। शहरों में भी समस्या आ रही है। भाजपा नेता गीता सागर ने बताया कि अनथुवा गांव में जलभराव से बच्छराज की पांच वर्षीय पुत्री राधा अपने घर के दरवाजे में ही डूब गई। उसे पानी से निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। रामदास की भैंस दीवार ढहने से दबकर मर गई। इन गांवों में तमाम गरीबों के घर जलमग्न होने से उन्हें मिली समाजवादी राशन किट भी पानी में मटियामेट हो गई। उधर, बबेरू क्षेत्र के अहार में सोमवार की रात दीवार ढहने से शांति (11) पुत्र रामजियावन दब गई। उसे घायल अवस्था में घर वालों ने बाहर निकाल कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।