{"_id":"5c1a8cd0bdec2257162fa070","slug":"ashtavatu-s-preserved-statue-recovered-from-sludge","type":"story","status":"publish","title_hn":"अष्टधातु की वेशकीमती मूर्ति कीचड़ से बरामद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अष्टधातु की वेशकीमती मूर्ति कीचड़ से बरामद
Wed, 19 Dec 2018 11:54 PM IST
ASIF ASIF
अमर उजाला ब्यूरो, बांदा
अमर उजाला ब्यूरो, बांदा
Published by: ASIF ASIF
Updated Wed, 19 Dec 2018 11:54 PM IST
विज्ञापन
बांदा में बरामद मूर्ति।
- फोटो : अमर उजाला
कीचड़ में छिपाई गई बेशकीमती मूर्ति चरवाहे बच्चों के हाथ लग गई। मध्य प्रदेश की सरहद के पास पाई गई मूर्ति को करतल चौकी पुलिस को सौंप दिया गया है। लगभग एक फीट ऊंची और तकरीबन 7 किलो वजन की मूर्ति अष्टधातु की बताई जा रही है। यह नृत्य मुद्रा में है। जानकारों का कहना है कि चंदेलकालीन प्रतिमा है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि क्षेत्राधिकारी से जांच कराई जा रही है। डीएम के माध्यम से पुरातत्व विभाग को भी सूचना भेजी गई है।
विज्ञापन
रविवार को करतल कस्बा निवासी कुछ चरवाहे बच्चे करतल माइनर के पास अपने मवेशी चरा रहे थे। तभी उन्हें गड्ढे के कीचड़ में मूर्ति पड़ी नजर आई। बच्चे इसे घर उठा ले गए। बच्चों के परिजनों ने बुधवार को यह मूर्ति करतल चौकी में लाकर चौकी प्रभारी मनोज तिवारी को सौंप दी। चौकी प्रभारी ने बताया कि पुरातत्व विभाग को सूचना दी गई है। साथ ही जिला मुख्यालय के डीसीआर (जिला नियंत्रण कक्ष) को भी अवगत कराया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मूर्ति चोरी की घटना कहां हुई है? मूर्ति अष्टधातु की प्रतीत हो रही है। विशेषज्ञों से इसका पता लगाया जाएगा।
विज्ञापन
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में यह करोड़ों की हो सकती है। चौकी प्रभारी ने बताया कि नरैनी कोतवाली में मूर्ति को लिखापढ़ी में दाखिल करके सुरक्षित रखा गया है। गौरतलब है कि करतल की सीमा से मध्य प्रदेश भी जुड़ा है। यह भी कयास लगाया जा रहा है कि मूर्ति तस्कर इसे मध्य प्रदेश से कहीं लाए हों और यहां छिपा दी हो। चौकी प्रभारी के मुताबिक मूर्ति कई महीने पहले मिट्टी में छिपाई गई प्रतीत होती है। यह अधिक गहराई में न होने से नजर आ गई।
विज्ञापन
उधर, पुलिस अधीक्षक गनेश प्रसाद साहा ने बताया कि बरामद मूर्ति की विस्तृत जांच-पड़ताल कराई जा रही है। इसके लिए क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह को दायित्व सौंपा गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों सहित जनपद के थानों से यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं मूर्ति चोरी की सूचना दर्ज है या नहीं? उधर, जांच कर रहे क्षेत्राधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के माध्यम से पुरातत्व विभाग को इसकी सूचना दी गई है।
मूर्ति चंदेलकालीन होने का अनुमान
नरैनी। पुरातत्व खंडहरों और मूर्तियों के जानकार और इंटक बांदा चैप्टर के संयोजक हारिस जमां खां ने बताया कि बरामद मूर्ति चंदेलकालीन 9वीं से 12वीं शताब्दी के मध्य की प्रतीत होती हैं। इसे त्रंमदाकार देवी प्रतिमा के रूप में जाना जाता है। यह किसी भी देवी की प्रतिमा हो सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक यह बेशकीमती है।