बलरामपुर। क्षेत्र में पड़ रही कड़ाके ठंड व सर्द हवाओं से बचने के लिए मंगलवार को बलरामपुर राज परिवार की तरफ से पांच गांव के 600 गरीबों को कंबल वितरित किया गया। महाराज के हाथों कंबल पाकर गरीब निहाल हो उठे। गरीबों का कहना है कि कंबल मिलने से ठंड से उन्हें काफी राहत मिलेगी।
बलरामपुर राज परिवार के महाप्रबंधक लेफ्टिनेंट कर्नल आरके मोहंता ने बताया कि कंपोजिट विद्यालय टेंगनवार में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाराज जयेंद्र प्रताप सिंह ने सीमावर्ती गांव टेंगनवार, सहिजना, सोनपुर, मोतीपुर कला व महादेव बांकी के 600 गरीबों को कंबल वितरित किया। यह गांव हरैया सतघरवा क्षेत्र का सबसे पिछड़ा इलाका माना जाता है।
महाप्रबंधक ने बताया कि राज परिवार की तरफ से ऐसे पिछड़े इलाकों में गरीबों की मदद के लिए मुहिम चलाई जाती है। स्वास्थ्य शिविर आदि लगाकर गरीबों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाता है। इस अवसर पर बलरामपुर राज के सचिव बृजेश कुमार सिंह व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अतुल कुमार सिंह सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।