UP Chunav 2022: बलिया में सबसे अमीर प्रत्याशी हैं बसपा के उमाशंकर, पिछली बार से घट गई चल संपत्ति
बलिया में छठे चरण में चुनाव है। अब तक हुए कुल नामांकनों में रसड़ा सीट से विधायक एवं बसपा प्रत्याशी उमाशंकर सिंह का नामांकन चर्चा का केंद्र बना हुआ है। उमाशंकर ने अपने हलफनामे में करोड़ों की संपत्ति का जिक्र किया है।
विस्तार
विधानसभा चुनाव 2020 के लिए हो रहे नामांकन में बलिया के रसड़ा से विधायक एवं बसपा प्रत्याशी उमाशंकर सिंह सबसे धनी प्रत्याशी हैं। उनपर सिर्फ एक मुकदमा है। कई वाहनों के साथ ही हथियारों के भी शौकीन हैं। इसकी घोषणा उन्होंने अपने शपथ-पत्र में की है। उमाशंकर सिंह के पास 8.27 करोड़ तो उनकी पत्नी के पास 9.78 करोड़ की चल संपत्ति है।
हथियारों के बात करें तो उनके पास रिपीटर, पिस्टल के साथ राइफल भी है। साथ ही कई वाहनों के स्वामी भी हैं। पत्नी-पत्नी दोनों को पास स्वर्ण और अन्य आभूषण हैं। उमाशंकर के पास 20.64 और पत्नी के पास 15.33 करोड़ की अचल संपत्ति हैं। दोनों पर लोन भी है।
अचल संपत्ति दो गुनी से ज्यादा
वर्ष 2017 में उनके पास 12.36 और पत्नी के पास 9.97 करोड़ की चल संपत्ति थी। उमाशंकर सिंह के पास तब 9.94 पत्नी के पास 7.82 करोड़ की अचल संपत्ति थी। पिछले चुनाव से तुलना करें तो चल संपत्ति कम हुई है, लेकिन अचल संपत्ति दो गुनी से ज्यादा हो गई है।
पढ़ेंः पांच साल में विधायक सुरेंद्र सिंह की संपत्ति हुई दोगुनी, बलिया में अन्य प्रत्याशियों के बारे में जानिए
अवलेश ही नहीं पत्नी भी हैं करोड़पति
फेफना विधानसभा सीट से जदयू के बैनर तले नामांकन करने वाले अवलेश कुमार के साथ उनकी पत्नी भी करोड़पति हैं। अवलेश हथियारों के भी शौकीन हैं। उनके पास राइफल के साथ ही पिस्तौल भी है। शपथ पत्र के अनुसार अवलेश कुमार के पास इनोवा तो पत्नी के पास पजेरो गाड़ी है। अवलेश की चल संपत्ति 89.84 लाख तो पत्नी की 18.42 लाख है।
इंटर की शिक्षा पाए अवलेश के पास 3.22 करोड़ और पत्नी के पास 2.32 करोड़ की अचल संपत्ति है। अवलेश पर 1.50 करोड़ का लोन भी है। इसी विधानसभा से बसपा से चुनाव लड़ रहे कमलदेव सिंह यादव भी इंटर की शिक्षा प्राप्त हैं। चलने के लिए सफारी गाड़ी है। अपने पास पांच लाख और पत्नी के पास 3.40 लाख की चल संपत्ति है। 80 लाख की अचल संपत्ति है।
प्रवीण करोड़पति, संजीव और प्रदीप असलहाधारी
बसपा के बैनर तले सिकंदरपुर से नामांकन करने वाले संजीव वर्मा स्कार्पियो से चलते हैं। अपने साथ पत्नी के पास भी सोना के आभूषण हैं। सुरक्षा के लिए राइफल भी रखते हैं। संजीव के पास 3.02 और पत्नी के पास 14.05 लाख की चल संपत्ति हैं। अचल संपत्ति शून्य दिखाई गई है।
सिकंदरपुर विधानसभा से आप प्रत्याशी प्रदीप कुमार के पास तो कोई वाहन नहीं है, लेकिन पत्नी के पास ब्रेजा गाड़ी है। सुरक्षा के लिए रिवाल्वर भी रखते हैं। उनके पास 16.44 लाख और पत्नी के पास 27.02 लाख की चल और 40 तथा 25 लाख अचल संपत्ति है।
आप प्रत्याशी इंटर पास, मुकदमा भी दर्ज
बलिया विधानसभा से आप प्रत्याशी अजय राय पर एक मुकदमा भी है। चलने के लिए स्कार्पियो है। चल संपत्ति 16.91 पत्नी के पास 20.33 लाख की है। इंटर की शिक्षा प्राप्त हैं।
गोरखपुर के हैं सुभासपा प्रत्याशी
बेल्थरारोड से सुभासपा के उम्मीदवार हंसू राम गोरखपुर के रहने वाले हैं। उनके पास 6.83 लाख और पत्नी के पास 21.88 लाख की चल संपत्ति है। 38.22 लाख की अचल संपत्ति उनके पास और 1.45 करोड़ की पत्नी के पास है। परास्नातक की शिक्षा प्राप्त हंसू पर लोन भी है।
यहीं से चुनाव लड़ रहे बसपा प्रत्याशी बीटेक प्रवीण प्रकाश करोड़पति हैं। उनके पास 10.70 लाख और पत्नी के पास 21.78 लाख की चल संपत्ति हैं। प्रवीण के पास 1.70 करोड़ की अचल संपत्ति हैं और वो स्नातक हैं। पत्नी के नाम 25 लाख का लोन भी है।