UP: पति ने पत्नी को चाकू से काट डाला, हत्याकर कूद गया कुएं में; शादी के दो साल बाद जन्मी थी बेटी
Crime News: यूपी के बलिया में विवाहिता की हत्या की जानकारी मिलते ही माैके पर पुलिस पहुंच गई। आरोपी पति को कुएं से बाहर निकालकर गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Crime News in Ballia: बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के हजौली गांव में बुधवार को ससुराल में युवक ने अपनी पत्नी की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी और रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर स्थित कुएं में कूद गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हत्यारे को कुएं से बाहर निकाल कर एसडीएम व पुलिस साथ ले गई। मृतका की पहचान पूजा (25) पुत्री गोपाल गुप्ता निवासी हजौली थाना गड़वार के रूप में की गई। गड़वार थाना क्षेत्र के हजौली गांव निवासी गोपाल गुप्ता की बेटी पूजा गुप्ता की शादी धनेश गुप्ता पुत्र कन्हैया निवासी बनकटा थाना शहर कोतवाली के साथ हिन्दू रीति-रिवाज के साथ दो वर्ष पहले हुई थी।
बुधवार की दोपहर करीब 2:30 बजे धनेश गुप्ता अपने ससुराल हजौली पहुंचा, जहां पत्नी पूजा की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। परिजनों द्वारा शोर मचाया गया तो वह मौके से फरार हो गया और हजौली से करीब तीन किलोमीटर दूर ग्राम पहाड़पुर थाना क्षेत्र रसड़ा स्थित कुएं में कूद गया। घरवालों ने घटना की सूचना गड़वार पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
बताया जा रहा है कि हत्या के समय मृतका के माता-पिता पूजा की बेटी को लेकर पोलियो ड्राप पिलाने के लिए गए थे। मृतका की दो माह की एक बेटी है। बताया जा रहा है कि पूजा करीब चार माह से अपने मायके हजौली में रह रही थी। वहीं, धनेश गुप्ता भी करीब एक सप्ताह से अपने ससुराल में रह रहा था।
बुधवार की दोपहर उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद आक्रोश में आकर पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस आरोपी को कुएं से बाहर निकाल कर हिरासत में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
सूचना के बाद फॉरेंसिक टीम पहुंच कर मामले की जांच में जुट गई सीओ सिटी श्यामकांत सहित भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गए। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर ने बताया कि मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, आरोपी हिरासत में है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।