बेल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के समसुद्दीनपुर गांव में सोमवार देर रात चोरों ने एक दलित परिवार के घर को निशाना बनाते हुए 25 हजार रुपये नकद और करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के समय भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। पीड़ित धनंजय कुमार पुत्र साहब दयाल के अनुसार, चोर सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़कर घर में दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रात करीब ढाई बजे उनकी बच्ची ने पानी मांगा, जिस पर वह घर के अंदर गए। वहां लाइट बंद मिली और रसोई का दरवाजा खुला था। दूसरे कमरे में पहुंचने पर सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर उनकी मां का बक्सा गायब था।
धनंजय ने बताया कि बक्से में 25 हजार रुपये नकद, सोने के कर्णफूल, मंगलसूत्र तथा चांदी की पायल रखी थी। बड़ी बहन के बक्से से मंगलसूत्र ,चांदी की पायल चोरी हो गई। चोरों ने घर में रखे दो अन्य बक्सों की भी तलाशी ली, लेकिन उनमें कीमती सामान न मिलने पर उन्हें वहीं छोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही उभांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने पुलिस से चोरी का शीघ्र खुलासा करने, चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। उभांव इंस्पेक्टर दिनेश पाठक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।