बलिया के इस चाचा-भतीजे की कमाल की जोड़ी को जानते हैं, एक आईईएस अफसर तो दूसरा भी कम नहीं
दिल में लगन और परिश्रम करने का जब्बा हो तो सफलता अवश्य कदम चूमने को मजबूर हो जाती है। यही मिसाल क्षेत्र के सोनवानी गांव के एक परिवार के चाचा व भतीजे ने पेश किया है। क्षेत्र के सोनवानी गांव निवासी स्व. शम्भूनाथ मौर्य के पुत्र लाल बाबू मौर्य हाल ही में यूपी पीसीएस में सफलता प्राप्त कर प्रधानाचार्य के पद पर चयनित हुए हैं।
वहीं दूसरी ओर उनके भतीजे सुधीर मौर्य पुत्र राधेश्याम मौर्य (पूर्व कैप्टन) ने यूपीएससी 2019 में आईईएस में सफलता प्राप्त की। उन्होंने इसी माह 10 सितंबर को सीईएस (रोड) के ग्रेड ए में भारतीय राजमार्ग अभियंता अकादमी को ज्वाइन किया है।
दोनों चाचा व भतीजे की प्राथमिक शिक्षा गांव के रामसिद्ध इण्टर कालेज से हुई। दसवीं की परीक्षा उतीर्ण कर अग्रिम शिक्षा के लिए इलाहाबाद चले गए। सुधीर मौर्य ने एनआईटी जालंधर से बीटेक सिविल किया।
इसके बाद दोनों चाचा भतीजे प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लग गए और सफलता उनके हाथ लगी। एडीओ पंचायत अरविंद मौर्य पुत्र स्व शंभूनाथ मौर्य ने बताया कि ये दोनों शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। इनकी सफलता से पूरे परिवार में खुशियों का माहौल है।