बलिया। महर्षि भृगु की तपोस्थली और उनके शिष्य दर्दर मुनि के नाम पर लगने वाले ददरी मेले में रविवार की दोपहर 12 बजे के बाद भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। इससे दुकानदारों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली। इस दौरान महिलाओं ने जहां सौंदर्य प्रसाधन समेत अन्य सामग्रियों की खरीदारी की। वहीं, युवक-युवतियों संग नई नवेली दुल्हनों ने झूले का आनंद उठाया। सुरक्षा के मद्देनजर झूला से लेकर अन्य स्थानों पर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे।
इस दौरान मेले में आए युवक-युवतियों संग नई नवेली दुल्हन और नन्हें-मुन्ने बच्चों ने ब्रेक डांस, टोरा-टोरा, नाव आदि पर चढ़कर आनंद लिया। मेले में उमड़ी भीड़ को देख झूला संचालकों के चेहरे पर खुुशी की देखी गई। वहीं, कुछ चर्खी झूले अभी तैयार भी किए जा रहे हैं। मेले में पहुंचे महिला पुरुषों ने गर्म कपड़ा, खजला, चूड़ी, क्राकरी, सौंदर्य प्रसाधन, चप्पल-जूता, खादी अन्य सामानों की खरीदारी की। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी लखनऊ, कानपुर, फैजाबाद, कोलकाता, झारखंड, मेरठ, लुधियाना सहित अन्य स्थानों से आए दुकानदार खुश दिखे। इस दौरान सबसे अधिक भीड़ झूला तथा गर्म कपड़ा, सौंदर्य प्रसाधन आदि की दुकानों पर रही।