बलिया। एक अप्रैल 2005 से पूर्व नियुक्त बेसिक शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ देने की मांग को लेकर शुक्रवार को शिक्षकों ने सोशल मीडिया पर अभियान चलाया। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि एक अप्रैल 2005 से पहले नियुक्त बेसिक शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना से आच्छादित किया जाए। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन बलिया के जिलाध्यक्ष डॉ. घनश्याम चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा में लगभग 70 हजार शिक्षक-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन से आच्छादित किए जाने की बात कही थी। इसके बावजूद बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को अभी तक इसका लाभ नहीं मिल पाया है। अभियान में डॉ. घनश्याम चौबे, अरुण कुमार सिंह, समीर पांडेय, अवनीश सिंह, जितेंद्र यादव, अनिल सिंह, नित्यानंद पांडेय, परशुराम यादव, अजीत सिंह, नरेंद्र नारायण सिंह ने सहभागिता की।