नगरा। स्थानीय बाजार के हनुमान चौक पर एक दशक पूर्व स्थापित की गई पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा के क्षतिग्रस्त चबूतरे के सुंदरीकरण व लोकार्पण को लेकर सियासी जंग शुरू हो गया है। राष्ट्रीय चौहान महासभा के बैनर तले हो रहे चबूतरे के सुंदरीकरण कार्य को सोमवार की शाम पुलिस द्वारा रोके जाने से चौहान समाज का गुस्सा भड़क उठा। इससे गुस्साए चौहान महासभा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जुलूस निकाल बाजार का भ्रमण कर जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
इस दौरान चौहान समाज के लोग हाथों में नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे। पृथ्वीराज चौहान चौक पर चौहान समाज के कार्यकर्ताओं ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि प्रशासन ने एक भाजपा नेता के प्रार्थना पत्र पर कार्य को रोक कर पृथ्वीराज चौहान के साथ ही पूरे चौहान समाज का अपमान किया है। इस अपमान को समाज के लोग बर्दाश्त नही करेंगे। इस मौके पर उपेंद्र चौहान, ओमप्रकाश चौहान, ब्रम्हानंद, संजीव चौहान, भरत चौहान, विजय चौहान, वीरबहादुर चौहान आदि मौजूद रहे। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि उप जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्य को रोका गया है। निर्माणकर्ता किसी सक्षम अधिकारी का आदेश लाकर कार्य प्रारंभ कर सकते हैं।