UP: बैंक ऑफ इंडिया में भीषण आग...लपटें देख सहमे लोग, जरूरी दस्तावेज और रिकॉर्ड जलकर खाक
Ballia News: बलिया जिले में बैंक ऑफ इंडिया में आग लगने की सूचना मिलते ही माैके पर सिकंदरपुर थाने की पुलिस और दमकल दस्ता पहुंच गया। आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
विस्तार
सिकंदरपुर नगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में बीती रात अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 10 बजे के बाद की है। आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है। चंद मिनटों में ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बैंक से उठते धुएं और सायरन की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बाल्टी व पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे असफल रहे।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सिकंदरपुर मूलचंद चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। थोड़ी ही देर में बैंक के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मुख्य द्वार का ताला खुलवाया, ताकि फायर ब्रिगेड की टीम अंदर पहुंचकर आग पर काबू पा सके।
मची अफरातफरी
करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। हालांकि, तब तक बैंक में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज, रजिस्टर और रिकॉर्ड जलकर राख हो चुके थे। आग से बैंक को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है। किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। बैंक प्रबंधन और पुलिस प्रशासन ने आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।