UP: बलिया-बिहार की सीमा पर 17 लाख की शराब पकड़ाई, पूर्व विधायक बोले- पुलिस केस को दबाना चाहती थी; जानें मामला
Ballia News: अवैध वस्तु का शक होने पर बैरिया पुलिस टीम अपने वाहनों से गाड़ी का पीछा करने लगे तभी चालक ने गाड़ी को सेवादास मठिया के पास ही स्थित खेत में उतार दिया। गाड़ी को वहीं खड़ी करने के बाद अंधेरे व कोहरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
विस्तार
Ballia News: बिहार के सीमावर्ती दोकटी बार्डर के रेगुलेटर पुल पर बैरिया पुलिस ने चेकिंग के दौरान पिकअप पर 315 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद किया। 2780.04 लीटर शराब की कीमत करीब 17 लाख रुपया बताया जा रहा है। शराब तस्कर बिहार ले जा रहे थे। शराब किस दुकान की है, इसकी जानकारी के लिए आबकारी विभाग को भेज कर जांच कराई जा रही है।
सीओ फहीम कुरैशी ने कहा कि उपनिरीक्षक मयंक कुमार पुलिस टीम के साथ दोकटी बैरिया बार्डर के रेगुलेटर पुल पर चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान दोकटी मार्ग की तरफ से आती हुई एक पिकअप दिखाई दी, चेक के लिए टार्च की रोशनी से इशारा देकर रोकने का प्रयास किया गया तो पुलिस वालों को देखते ही चालक द्वारा वाहन की गति को और तीव्र कर लिया।
पीछा कर वाहन को पकड़ लिया गया। चेक किया तो वाहन में अलग-अलग ब्रांड की कुल 315 पेटी 2780 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। ई-चालान एप पर पिकअप के वाहन स्वामी का नाम नितेश कुमार वासी बड़का नगर मुरली छपरा दिखा रहा है। वाहन स्वामी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया। सीओ ने बताया कि शराब अुनज्ञापी की जानकारी की जा रही है, उसके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
पूर्व विधायक पुलिस पर शराब पकड़ को दबाने का लगाया आरोप
बैरिया के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने शराब तस्करी को लेकर कहा कि बिहार के लाला टोला में विगत रात एक पिकअप व ट्रैक्टर ट्राली लदे शराब को बिहार पुलिस ने पकड़ा था। सूचना पर बैरिया पुलिस पहुंचकर एक पिकअप पकड़ कर ले आई। मामले को दबाने में पूरी रात लगी पुलिस लगी थी। मेरे द्वारा सीओ को शराब पकड़े जाने की जानकारी देने पर मामला का खुलासा हुआ।
पूर्व विधायक ने कहा कि नदी व सड़क मार्ग से हो रही शराब तस्करी की जानकारी आम लोगों को है, लेकिन 24 घंटा सुरक्षा को लेकर तैनात होने का दावा करने वाली पुलिस को इसकी भनक नहीं है। दिन के अलावा रात के अंधेरे में जोरों पर शराब की खेप बिहार जा रही है। उन्होंने नरही वसूली कांड जैसे खुलासा की मांग की।