UP: कार्तिक पूर्णिमा...जल परी और हाईटेक शो रहेंगे आकर्षण का केंद्र, मेगा शो में होगा अद्भुत अनुभव
Ballia News: कार्यक्रम में शिव-सती विवाह, कामदेव प्रसंग, शिव तांडव और पार्वती विवाह प्रसंग को आकर्षक नृत्यनाटिका के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। यह कार्यक्रम भी तीन घंटे का होगा।
विस्तार
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर ऐतिहासिक गंगा घाट पर विशेष आयोजन की तैयारी की गई है। प्रशासन की तरफ से आयोजन में धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन के रंगों से सजा मेगा शो दर्शकों को अद्भुत अनुभव देगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रणव सिंह कान्हा की विशेष प्रस्तुति से होगी, जो थीम गीत बागी बलिया हमको कहते हैं, हम सबके दिलों में रहते हैं... प्रस्तुत करेंगे।
इसके बाद हाईटेक लाइट एंड साउंड विष्णु दशावतार शो का मंचन होगा, जिसमें मत्स्य, कूर्म, वराह, नरसिंह, वामन, परशुराम, राम, कृष्ण, बुद्ध और कल्कि इन दस अवतारों की मनोहारी प्रस्तुति जोधपुर (राजस्थान) और दिल्ली के 65 कलाकार देंगे। तीन घंटे की इस प्रस्तुति में 10 मिनट का मध्यान्तर रखा गया है। साथ ही दूसरे दिन हाईटेक लाइट एंड साउंड शिव विवाह शो का आयोजन किया जाएगा।
गंगा आरती आज, नाव से भी दर्शन की सुविधा
कार्तिक पूर्णिमा के दिन शिवरामपुर गंगा स्नान घाट पर इस बार प्रशासन की तरफ से नाव से भी गंगा आरती देखने की व्यवस्था की गई है। मंगलवार की शाम सात बजे होने वाली गंगा आरती को भव्य रूप से देखने के लिए आम आदमी भी नाव में सवार होकर देख सकता है। सीआरओ त्रिभुवन ने बताया कि दर्शनार्थियों के लिए एक विशेष सुविधा के रूप में इस बार गंगा आरती का दर्शन नाव से करने की व्यवस्था की गई है। बताया कि परिवहन राज्य मंत्री किसी प्रसिद्ध बॉलीवुड भजन गायक को आमंत्रित करने की संभावना है, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ जाएगी।
ददरी मेला में भी होगा जलपरी का लाइव शो
ऐतिहासिक ददरी मेला में ‘जल परी’ का लाइव शो इस बार आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा। जलपरी की थीम पर आधारित यह प्रस्तुति बच्चों और परिवारों के लिए खास आकर्षण होगी। सीआरओ त्रिभुवन ने बताया कि धार्मिक आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का संगम इस बार बलिया की कार्तिक पूर्णिमा और ददरी मेले को एक नई पहचान देने जा रहा है।