बलिया: दो पक्षों के बीच मारपीट में छह घायल, थाने में धरने पर बैठे भाजपा विधायक
बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने झगड़ा छुड़ाने वाले के खिलाफ मुकदमा लिखने और थाने में बैठाए जाने पर नाराजगी जताई और बृहस्पतिवार को दोकटी थाना परिसर में धरने पर बैठ गए।
विस्तार
बलिया जिले के दोकटी थाना क्षेत्र के लालगंज बाजार में बुधवार की देर शाम मामूली बात को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान ईंट-पत्थर भी चले। इसमें छह लोग घायल हो गए। सूचना पर दोकटी और लालगंज पुलिस पहुंची। एहतियात के तौर पर मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई।
इस मामले में बृहस्पतिवार की सुबह थाने पहुंचे विधायक सुरेंद्र सिंह ने थानाध्यक्ष के स्थानांतरण की मांग की और वह धरने पर बैठ गए। फिलहाल थाना प्रभारी को छुट्टी पर भेजने और सीओ को मामले की जांच देने के बाद धरना खत्म हुआ। दोनों पक्ष की तहरीर पर दोकटी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
गुड्डू मियां और अलाउद्दीन के बीच बुधवार की देर शाम झगड़ा हो गया था। इसे छुड़ाने के लिए बगल के ही लालू गुप्ता पहुंच गए। इसके बाद लालू व अलाउद्दीन के बीच झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों में गाली-गलौज, के साथ मारपीट हुई और ईंट-पत्थर भी चले। इसमें एक पक्ष से सनोज गुप्ता, सिद्धू गुप्ता, विशाल, गोलू, रवि गुप्ता, और दूसरे पक्ष से अरमान और रूबी चोटिल हो गए। सूचना पर दोकटी पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों के कुछ युवकों को थाने ले आई। इसके बाद दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
एक घंटे चली वार्ता के बाद माने विधायक
उधर, बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने झगड़ा छुड़ाने वाले के खिलाफ मुकदमा लिखने और थाने में बैठाए जाने पर नाराजगी जताई और बृहस्पतिवार को दोकटी थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने थानाध्यक्ष दिनेश पाठक के स्थानांतरण की मांग की। एसडीएम अभय कुमार सिंह और सीओ अशोक मिश्र ने विधायक को मनाने की कोशिश की, लेकिन वह अड़े रहे।
इसके बाद एएसपी विजय त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए। लगभग एक घंटे चली वार्ता के बाद थानाध्यक्ष दिनेश पाठक को छुट्टी पर भेजने और मामले की जांच क्षेत्राधिकारी बैरिया देने के बाद विधायक ने धरना खत्म किया। शांतिभंग में जो आरोपी पकड़े गए थे, उन्हें एसडीएम ने थाने से ही जमानत दे दी।
पीएसी और पुलिस तैनात, बाजार बंद
लालगंज बाजार में बृहस्पतिवार की सुबह ही पीएसी व पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी बैरिया अभय कुमार सिंह ने बताया कि एहतियातन पुलिस बल लगाया गया है। मामला शांत है। उधर, पुलिस कार्रवाई के विरोध में लालगंज के कुछ युवकों ने बाजार बंद करा दिया।
युवकों का कहना है कि यदि झगड़ा छुड़ाने वालों पर ही मुकदमा होने लगेगा तो न्याय कैसे मिलेगा। बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दे दी गई है। क्षेत्राधिकारी जांच करेंगे। न्याय का आश्वासन मिला है।