शादी समारोह में अचानक मचा कोहराम: बलिया में शराबियों की एक गलती से गई दो की जान, स्कॉर्पियो से कुचलकर दो की हालत गंभीर
बलिया जिले के एक गांव में बरात में आई स्कॉर्पियो में बैठ कर कुछ बराती शराब पी रहे थे। इस दौरान किसी तरह स्कॉर्पियो का गियर लग गया। गाड़ी तेजी से आगे बढ़ी और चार व्यक्तियों को कुचल दिया। मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई।
विस्तार
यूपी के बलिया जिले के भोजपुर गांव में बीती रात शादी समारोह में रस्मों के बीच अचानक कोहराम मच गया। शराबियों की एक गलती से दो लोगों की जान चली गई वहीं दो लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं। दरअसल, बरात में आई स्कॉर्पियो में बैठ कर कुछ बराती शराब पी रहे थे। इस दौरान किसी तरह स्कॉर्पियो का गियर लग गया। गाड़ी तेजी से आगे बढ़ी और चार व्यक्तियों को कुचलते हुए आगे आम के पेड़ से टकराकर बंद हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से शादी समारोह में हंगामा मच गया।
पुलिस ने रात को ही शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्कॉर्पियो को लेकर थाने चली आई। घायलों को जिला अस्पताल में उपचार जारी है। बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के महुलानपार निवासी मुखदेव राम के पुत्र नागेंद्र राम की बरात सुखपुरा थाना क्षेत्र के भोजपुर अनुसूचित बस्ती में अवधेश राम के यहां आई थी।
द्वारपूजा के बाद जयमाल का रस्म चल रहा था। इसी बीच कुछ बराती नाच देखने के लिए दरवाजे से जनवासे में आ गए। शामियाने के बाहर बरातियों की एक स्कॉर्पियो खड़ी थी। स्कॉर्पियो का एसी चलाकर उसी में बैठ कर कुछ बराती शराब पी रहे थे। इसी में किसी तरह स्कॉर्पियो का गियर लग गया।
गाड़ी तेजी से आगे बढ़ी और चार व्यक्तियों को कुचलते हुए आगे आम के पेड़ से टकराकर रुक गई। बेकाबू स्कॉर्पियो की चपेट में आने से घटना स्थल पर ही देवनाथ (42) ग्राम बिजलीपुर काजीपुर थाना सिकंदरपुर और किशन (8) निवासी रामपुर कटरई थाना सिकंदरपुर की मौके पर ही मौत हो गई। मंटू पासवान (30) पुत्र हीरा पासवान निवासी भोजपुर थाना सुखपुरा व कुंदन भारती (9) पुत्र लालजी राम रामपुर कटरई थाना सिकंदरपुर बुरी तरह से जख्मी हो गए।
सूचना पर मौके पर पहुंची प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं शवों को अपने कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए बलिया भेज दिया। आननफानन शादी की रस्म पूरा कर बराती दुल्हन रिंकू को विदाई कराकर रात को ही लेकर चले गए।