बलिया। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक बुधवार को आचार्य नरेंद्रदेव सभागार में हुई। बैठक में 56 करोड़ के संशोधित बजट पारित करने के साथ ही जिला पंचायत के नियंत्रण वाले ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवसायों के लिए लाइसेंस शुल्क में वृद्धि से संबंधित उपविधि का अनुमोदित किया गया।
सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने गंगा के किनारे गांवों में प्राकृतिक खेती करने तथा जल संरक्षण पर जोर दिया। साथ ही जनपद में जल संरक्षण के लिए विशेष रूप से कार्य किए जाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इससे पहले बैठक में विभिन्न विभागों के विकास के कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद ने बैठक में अनुपस्थित रहने वाले विभिन्न विभाग के अधिकारियों से मुख्य विकास अधिकारी को स्पष्टीकरण मांगे जाने के लिए निर्देशित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद चौधरी ने सांसद के प्रति आभार जताया। इस दौरान जिपं के सभी सदस्य, सभी क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिपं के अपर मुख्य अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी थे। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत का बजट विधानसभा चुनाव से पहले ही अनुमोदित हुआ था। उसके बाद आचार संहिता लागू हो जाने के कारण सभी कार्य स्थगित हो गए थे। इसके बाद बुधवार की बैठक में संशोधित बजट का अनुमोदन किया गया।