हल्दी। एक माह पूर्व पचरूखियां में ड्रेजिंग कार्य कर रहे कर्मचारियों से मारपीट और लूटपाट करने के आरोपी 25 हजार का इनामी बदमाश को पुलिस ने बृहस्पतिवार की भोर में तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया।
हल्दी थाना क्षेत्र के गंगा पार पचरुखिया मौजे में ड्रेजिंग का कार्य चल रहा है। सात जून को देर रात दर्जनभर असलहाधारी बदमाशों ने धावा बोल कर कर्मचारियों को पीटा था और लूटपाट की थी। कर्मचारियों की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई। इसमें दो बदमाश पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे हल्दी पुलिस ने हुकुम छपरा के निकट काली माता के स्थान पर घेराबंदी कर लूटपाट में शामिल 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार मुन्ना यादव पुत्र कामता यादव निवासी सईया के डेरा थाना शाहपुर, जिला भोजपुर, बिहार का निवासी है। उसने पुलिस की पूछताछ में लूटपाट में शामिल होना स्वीकार किया। थानाध्यक्ष सत्येेंद्र कुमार राय ने बताया कि अभी सात लोग गिरफ्त से बाहर हैं। दबिश दी जा रही है जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। गिरफ्तार करने वाली टीम में कांस्टेबल राजबहादुर यादव, नितेश यादव, सुरेंद्र सिंह, विनय कुमार विश्वकर्मा आदि रहे।