रुपईडीहा। बहराइच-रुपईडीहा रेलखंड पर रेलवे अधिकारियों ने एक बार फिर निरीक्षण किया। हालांकि, नियमित यात्री ट्रेनों के संचालन की तारीख अभी भी स्पष्ट नहीं हो सकी है। तकनीकी परीक्षण, विद्युतीकरण, रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) के निरीक्षण और स्पीड ट्रायल जैसी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। इसके बावजूद रेलवे अधिकारी ट्रेन संचालन की संभावित तिथि बताने से बच रहे हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य अभियंता तुषार पांडे ने बुधवार को निर्माण एवं तकनीकी टीम के साथ जायजा लिया। उन्होंने निरीक्षण यान से नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन और रेलखंड की तकनीकी व्यवस्थाएं देखीं। बुधवार के निरीक्षण में भी ट्रेनें कब चलेंगी, यह स्पष्ट नहीं हुआ। यात्री ट्रेनों के संचालन की स्पष्ट तारीख घोषित करने की मांग कर रहे हैं। निरीक्षण की जानकारी मिलने पर ग्राम सभा सहजना के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुख्य अभियंता के सामने पुराना आवागमन मार्ग बाधित होने की समस्या रखी। प्रधान प्रतिनिधि मेराज अहमद ने बताया कि रेलवे लाइन निर्माण के बाद ग्रामीणों को ढाई से तीन किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। पहले यह दूरी करीब 500 मीटर थी।