{"_id":"66de0c4f12a6b74b57054203","slug":"along-with-bahraich-now-wolf-attack-in-lakhimpur-kheri-and-mainpur-2024-09-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP : बहराइच के साथ अब लखीमपुर खीरी और मैनपुर में भी भेड़िये का हमला, दहशत के बीच फरसा-भाला लेकर दिन-रात पहरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP : बहराइच के साथ अब लखीमपुर खीरी और मैनपुर में भी भेड़िये का हमला, दहशत के बीच फरसा-भाला लेकर दिन-रात पहरा
Mon, 09 Sep 2024 02:14 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, बहराइच
अमर उजाला नेटवर्क, बहराइच
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 09 Sep 2024 02:14 AM IST
सार
शनिवार की रात प्रीती (17) पर भेड़िये ने हमला कर दिया। प्रीती का शोर सुन दौड़े ग्रामीणों को आता देख भेड़िया खेत की ओर भाग गया। उधर, लखीमपुर खीरी और मैनपुरी में भी भेड़िये के हमले के मामले सामने आए हैं।
विज्ञापन
Wolf attack in Bahraich
विस्तार
बहराइच के हरदी थाना क्षेत्र में भेडियों की दहशत और हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। शनिवार की रात नित्यक्रिया से लौट आ रही प्रीती(17) पर भेड़िये ने हमला कर दिया। प्रीती का शोर सुन दौड़े ग्रामीणों को आता देख भेड़िया खेत की ओर भाग गया। उधर, लखीमपुर खीरी और मैनपुरी में भी भेड़िये के हमले के मामले सामने आए हैं।
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी के निघासन क्षेत्र के दुर्गापुरम में छह वर्षीय सोती हुई बच्ची पर भेड़िये के हमले का मामला सामने आया है। परिजनों ने बताया कि उसकी छह वर्षीय पुत्री छप्पर वाले घर में सो रही थी। रविवार सुबह करीब चार बजे भेड़िया ने उसको दबोचने की कोशिश की। वह चारपाई से गिर गई। इस बीच घर के लोग आ गए, जिससे भेड़िया भाग गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
वहीं, मैनपुरी के दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव जरामई में शनिवार की रात खेत पर बने मकान के बाहर सो रहे किशोर को भेड़िये ने हमला कर घायल कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी गांव में भेड़िया देखा गया है। हालांकि, डीएफओ संजय कुमार मल्ल ने कहा कि इस क्षेत्र मंे भेड़िये नहीं पाए जाते हैं। फिर भी वन विभाग की टीम इस मामले की जांच कर रही है।
बहराइच में फरसा-भाला लेकर घूम रहे ग्रामीण
भेड़िया प्रभावित गांव रात भर जागते रहो के नारों से गूंजते रहे। वहीं भेड़ियों से परिजनों व बच्चों की सुरक्षा के लिए ग्रामीण टोली बनाकर गश्त करते रहे। इस दौरान ग्रामीणों के हाथ में फरसा, भाला, कुल्हाड़ी आदि भी देखने को मिला।
पीलीभीत में ग्रामीणों ने हमलावर सियार को पीटकर मार डाला
जहानाबाद क्षेत्र के दो गांवों में दो मासूम समेत आठ लोगों को हमला कर घायल करने वाले सियार को गुस्साए ग्रामीणों ने घेरकर मार डाला। सियार को पीटने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
बता दें कि जहानाबाद के सुस्वार और पंसोली गांव में शुक्रवार रात 11 बजे से लेकर शनिवार सुबह आठ बजे तक सियार ने आठ लोगों पर हमला कर घायल कर दिया था। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने सियार की घेराबंदी की और लाठी-डंडों से पीटकर उसे मार दिया। रविवार को सियार को मारने का वीडियो वायरल हो गया। इसमें कुछ ग्रामीण हाथ में लाठी-डंडे लिए हुए सियार के शव के पास खड़े हैं। इस मामले में डीएफओ मनीष सिंह का कहना है कि सियार को मारने की बात संज्ञान में आने पर टीम भेजकर जांच कराई गई। हालांकि पुष्टि नहीं हो सकी है।
बस्ती के कई गांवों में भी भेड़ियों की दहशत
बस्ती के नगर बाजार व कप्तानगंज क्षेत्र में भेड़ियों का झुंड दिखने से लोग दहशत में हैं। शनिवार की रात कप्तानगंज क्षेत्र के ऐंठी मेढ़ौआ गांव में गन्ने के खेत में ग्रामीणों ने भेड़िये जैसे जानवरों का झुंड देखा। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग और पुलिस टीम पहुंची। काफी देर तक तलाश की गई, लेकिन जानवर खेत में नहीं मिले। हालांकि, वन विभाग के अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है कि क्षेत्र में दिखे जानवर भेड़िये ही हैं।